शाश्वत सत्य की खोज - By Rekha Vinit Jindal
Written By: rekha vinit jindal
Category: essay
Competition: Global Poetry and Creative Writing Competition 2026
Rekha Vinit Jindal presents "शाश्वत सत्य की खोज," a thought-provoking essay featured in the 2026 Global Poetry and Creative Writing Competition. This reflective piece delves into the spiritual journey symbolized by the Navratri deities, exploring human consciousness's transformation. With an intricate understanding of Indian symbols, the work traverses the path from destruction of old beliefs to the birth of new awareness. Jindal's essay promises to engage readers on an introspective journey towards self-realization.
About the Work
In "शाश्वत सत्य की खोज," Rekha Vinit Jindal eloquently navigates the complex interplay between faith, belief, and truth. The essay employs rich imagery and philosophical insights to discuss the internal struggles and transformations experienced on the path to enlightenment. Jindal's exploration of discomfort as a precursor to change is both engaging and enlightening, encouraging readers to embrace the unknown in their quest for truth.
शाश्वत सत्य की खोज
Original Submission by rekha vinit jindal
शाश्वत सत्य की खोज: कालरात्रि से सिद्धिदात्री तक का वैचारिक मार्ग
प्रस्तावना
यह निबंध नवरात्रि की देवी-परंपरा को मानव चेतना के आंतरिक रूपांतरण की प्रक्रिया के रूप में समझने का प्रयास है। कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री को क्रमशः पुराने विश्वासों के संहार, शून्य की निर्मलता और नवीन बोध के सृजन के प्रतीक मानते हुए यह रचना बताती है कि परिवर्तन से पहले अनुभव होने वाली बेचैनी बाधा नहीं, बल्कि सत्य की ओर बढ़ते रूपांतरण का प्रथम संकेत है। भारतीय प्रतीकों और मनोवैज्ञानिक दृष्टि के समन्वय के माध्यम से यह निबंध आत्मबोध की यात्रा को अभिव्यक्त करने का एक विनम्र प्रयास है।
भूमिका: विश्वास और सत्य का दर्पण
हमारा जीवन हमारे उन विश्वासों का ही प्रकटीकरण है, जिन्हें हम अपने भीतर संजोकर रखते हैं। यदि हमारे विश्वासों का स्रोत दूषित और अपवित्र मान्यताओं से भरा है, तो हमारा संपूर्ण जीवन 'माया' के भ्रमजाल में उलझा रहता है। सत्य वह शाश्वत तत्व है, जो काल, स्थान और व्यक्ति की सीमाओं से परे सदैव अपरिवर्तित रहता है। जब हमारे विश्वास सत्य की इस कठोर कसौटी पर खरे उतरते हैं, तभी जीवन में वास्तविकता का उदय होता है। अतः जीवन के वास्तविक रूपांतरण की पहली और अनिवार्य शर्त हमारे विश्वासों का शुद्धीकरण है, ताकि सत्य स्वयं को हमारे सम्मुख प्रकट कर सके।
विचार का बीज और असहजता का संघर्ष
विचार मात्र एक बीज है, जिससे भावों की उत्पत्ति होती है। जब भी कोई नया विचार हमारे मन में अंकुरित होता है, वह अपने साथ एक विशिष्ट 'असहजता' या 'बेचैनी' लेकर आता है। चूँकि हम उस नए भाव के परिचय से अनभिज्ञ होते हैं, हम भयभीत होकर उस विचार का ही त्याग कर देते हैं। अधिकांश लोग इस बात से व्यथित रहते हैं कि उनका जीवन नहीं बदल रहा, किंतु वह नए विचारों से उत्पन्न होने वाले 'नूतन भावों' को अपनाने का साहस नहीं जुटा पाते।
यह मानवीय स्वभाव की बड़ी विडंबना है कि हम जाने-पहचाने पुराने दुखों में रहना तो स्वीकार कर लेते हैं, लेकिन नए विचारों के साथ आने वाली उस अस्थाई असहजता को सहन नहीं कर पाते जो हमें प्रकाश की ओर ले जा सकती है। किसी विषाक्त संबंध से बाहर निकलना हो, जड़ हो चुकी परंपरा को प्रश्न करना हो या वर्षों पुरानी आदत छोड़नी हो—हर परिवर्तन पहले भीतर एक कंपन उत्पन्न करता है। वही कंपन रूपांतरण का प्रथम संकेत होता है।
वैचारिक संहार का प्रचंड रूप
जब हमारे भीतर पुराने, सड़े-गले और निरर्थक विचारों का अंबार लग जाता है, तब सत्य के उदय के लिए एक 'वैचारिक संहार' की आवश्यकता होती है। यह संहार कोमल नहीं होता; यह विध्वंसक होता है। जिस प्रकार एक बीज को फूटने के लिए स्वयं के अस्तित्व (खोल) को मिटाना पड़ता है, वैसे ही चेतना को विकसित होने के लिए अपने पुराने अहंकार, भ्रम और सीमित विश्वासों का विसर्जन करना पड़ता है।
यही वह क्षण है जहाँ कालरात्रि का प्रतीक प्रकट होता है। उनका भयावह स्वरूप विनाश का नहीं, अज्ञान के अंत का प्रतीक है। वे हमारे मोह, मिथ्या पहचान और जड़ विश्वासों का संहार करती हैं, ताकि सत्य के लिए स्थान निर्मित हो सके। इसलिए परिवर्तन के समय उठने वाली बेचैनी कोई बाधा नहीं, बल्कि कालरात्रि का आशीर्वाद है।
अंतराल की शक्ति: संहार और सृजन के बीच का 'तप'
विनाश और सृजन के बीच एक मौन अंतराल होता है—एक ऐसा शून्य जहाँ पुराना समाप्त हो चुका होता है, किंतु नया अभी जन्म नहीं लिया होता।
बीज अपना खोल तोड़ चुका होता है और अंकुर अभी फूटा नहीं होता, वही समय सबसे अधिक असुरक्षित होता है। इसे 'धैर्य की प्रतीक्षा' या 'तप' कहा जाता है।
जो इस शून्यता में बिना भय के ठहरना सीख लेता है, वही भीतर से रूपांतरित होता है। इसी मौन की भट्टी में विचार कुंदन बनकर निखरते हैं, चेतना विस्तृत होती है। यही शून्य महागौरी की निर्मलता का प्रतीक है, जहाँ मन का दर्पण स्वच्छ होकर व्यक्ति को उसके वास्तविक स्वरूप के निकट ले जाता है।
संहार से सृजन की पूर्णता
विचारों की यह यात्रा केवल संहार पर समाप्त नहीं होती। संहार और सृजन जीवन को पूर्णता प्रदान करते है। कालरात्रि जहाँ पुराने विचारों का अंत करती हैं, महागौरी उस शून्य को निर्मल करती हैं, वहीं सिद्धिदात्री नवीन सृजन की पूर्णता का प्रतीक हैं।
निष्कर्ष: सत्य का साक्षात्कार
शाश्वत सत्य की खोज कोई बाहरी यात्रा नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर का एक युगांतरकारी परिवर्तन है। जब हम अपने दूषित विश्वासों के दर्पण को स्वच्छ कर लेते हैं और नए विचारों के साथ आने वाली चुनौतियों का स्वागत करते हैं, तभी हम परम सत्य और शांति को प्राप्त कर पाते हैं।
विनाश और सृजन के इस दिव्य नृत्य को स्वीकार करना ही वास्तविक 'बोध' है। यह यात्रा अज्ञान के 'विनाश' से शुरू होकर सत्य के साक्षात्कार पर पूर्ण होती है। अतः जब अगली बार मन में कोई 'बेचैनी' उठे, तो उसे त्यागें नहीं क्योंकि वही बेचैनी सत्य की ओर बढ़ते प्रत्येक साधक के लिए रूपांतरण का प्रथम संकेत होती है।
About the Competition
The Global Poetry and Creative Writing Competition 2026, hosted by Hashtag Kalakar, is a prestigious platform celebrating literary excellence. It invites participants from around the world to share their creative expressions in poetry, essays, and short stories. The competition serves as a confluence of diverse voices, offering a global stage for writers to showcase their unique perspectives and literary talents.
We extend our sincere gratitude to Rekha Vinit Jindal for her insightful submission, "शाश्वत सत्य की खोज," to the Global Poetry and Creative Writing Competition 2026. Her essay contributes significantly to the rich tapestry of voices exploring the theme of transformation and self-discovery. We look forward to seeing more of her thought-provoking work in the future.
About Hashtag Kalakar
Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.

Comments