समय का पहिया
Updated: Jul 29, 2025
By Dr. Devendra K Prajapati

कुछ भाव लिए अभाव लिए,
वो समय का पहिया घूम गया,
कागज के बारह पन्नों पर,
कुछ कह कह कर,
कुछ सुन सुन कर,
वो पहिया था जो घूम गया,
वो साल पुराना बीत गया।
मिलने वाले मिलकर ही रहे,
कहने वाले कहते ही रहे,
कुछ भाव लिए अभाव लिए,
कहकर भी कुछ जो कह न सके,
सुनकर भी कुछ जो सुन न सके,
मौन बीच में बना रहा, बस,
समय का पहिया घूम गया,
वो साल पुराना बीत गया।
है कोई जो उनको याद करे,
उस सूने को आबाद करे,
राहगीर की दिशा को जो,
समय-चक्र पर बान करे,
चक्र बीच में बना रहा, बस,
समय का पहिया घूम गया।
वो साल पुराना बीत गया।
By Dr. Devendra K Prajapati

Comments