वृत्त और लड़कियां
By Neha Srivastava
अध्यापिका ने बनाई,
कुछ ज्यामितीय आकृतियां,
एक वर्ग,
एक आयत,
एक त्रिकोण
और
एक गोल वृत्त,
लड़कों ने सारी आकृतियां,
सही-सही पहचानी
लड़कियों ने पहचाना,
वर्ग को,
आयत को,
और त्रिकोण को भी,
किंतु
वृत्त में ,
किसी को दिखी
चूड़ी
किसी को माथे की बिंदिया,
किसी को रोटी,
अध्यापिका ने लड़कियों की उत्तरपुस्तिका
पर बड़ा सा शून्य बनाया,
लेकिन
फिर देख अपने हाथों की चूड़ी,
माथे की बिंदिया
स्वयं को भी
उस शून्य के भीतर खड़ा पाया,
आंखों के नीचे
उभरा वृत्ताकार घाव ताजा हो आया,
लड़कियों के साथ,
स्वयं को भी वृत्त की परिधि में
क़ैद पाया"
By Neha Srivastava

Comments