गाँधी होना मुश्किल है
By Nazia Bano
शासन उनका न्याय भी उनका प्रतिवादी होना मुश्किल है
हम गांधीवादी हो सकते हैं पर गाँधी होना मुश्किल है….
मुश्किल है परतंत्र देश में सम्मान के प्रश्न पे लड़ते रहना
देश पराये में रह कर भी सत्य मार्ग पर चलते रहना
शोषित वंचित लोगों में विश्वास जगाना मुश्किल है
उनके हक़ की ख़ातिर उनकी सरकार से लड़ना मुश्किल है
हम गांधीवादी हो सकते हैं पर गाँधी होना मुश्किल है….
चम्पारण से खेड़ा तक, सत्याग्रह से दांडी तक
हर भारतवासी के मन में विश्वास जागते गाँधी थे
श्रमिक दलित महिलाओं की,हर शोषित वंचित पीड़ित की आवाज़ उठाते गांधी थे
अंग्रेज़ों से आज़ादी के रण में लाखों नायक थे
जो हर नायक के बापू थे वो सेनानायक गाँधी थे
औद्योगिक युग का प्रतुत्तर खादी होना मुश्किल है
हम गांधीवादी हो सकते हैं पर गाँधी होना मुश्किल है….
वो भगवद्गीता उपनिषदों के थे
वो बाइबिल और क़ुरान के थे
गांधी सारे हिन्दुस्तान के थे
सत्य अहिंसा के मार्ग पे जिसने सारा जीवन तार दिया
उस महापुरुष को देश में अपने हिंसा ने ही मार दिया
पर याद रहे गोली ने केवल देह को उनकी मारा है
वो हम अब भी जीवित हैं गाँधी व्यक्ति नहीं विचारधारा है
गाँधी जी के इस भारत की बर्बादी होना मुश्किल है
हम गांधीवादी हो सकते हैं पर गाँधी होना मुश्किल है….
By Nazia Bano

Comments