साइलेंट वेव्स - By Prabhat Khulbe
Written By: Prabhat Khulbe
Category: Short Story
Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026
Prabhat Khulbe, writing under the name 'साइलेंट वेव्स', presents an evocative short story titled "साइलेंट वेव्स". Featured in the Short Story category of the Poetry and Creative Writing Competition 2026, this narrative intricately blends historical events with imaginative human tales. Set against the backdrop of the East India Company's arrival and its implications, the story delves into the complexities of colonial rule, mingled with human resilience and emotions.
About the Work
"साइलेंट वेव्स" is a poignant exploration of historical events interwoven with fictional characters and their personal stories. With a focus on the period of colonial expansion, it evokes a deep sense of empathy and resistance. The narrative style is rich with historical detail, yet it captures the subtle nuances of human relationships that transcend political and cultural boundaries. The story challenges readers to reflect on the coexistence of resistance against oppression and compassion for individuals.
साइलेंट वेव्स
Original Submission by Prabhat Khulbe
लेखक का नोट
‘साइलेंट वेव्स’ इतिहास की वास्तविक घटनाओं और उनके बीच विकसित एक काल्पनिक मानवीय कथा का संगम है। इस कहानी में ईस्ट इंडिया कंपनी के भारत आगमन, उसके राजनीतिक विस्तार, औपनिवेशिक शोषण और उससे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को आधार बनाया गया है। वहीं, आर्यन, एलिसा और अन्य पात्रों के व्यक्तिगत जीवन, उनके संवादों तथा उनके बीच विकसित संबंधों की रचना लेखक ने की है।
इस कहानी का उद्देश्य इतिहास को बदलना या किसी ऐतिहासिक व्यक्ति के बारे में अप्रमाणित धारणाओं को तथ्य के रूप में प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि इतिहास की कठोर परिस्थितियों के बीच मानवीय संवेदनाओं की उस संभावना को तलाशना है, जो राजनीतिक सीमाओं, सांस्कृतिक भिन्नताओं और भाषायी बाधाओं से परे होती है।
आर्यन और एलिसा की कहानी इसी विचार से जन्म लेती है कि किसी शासन के अत्याचारों का विरोध करना और उस शासन से जुड़े किसी निर्दोष व्यक्ति के प्रति करुणा रखना दो अलग बातें हैं। अन्याय के प्रति प्रतिरोध और मनुष्यता के प्रति सम्मान एक साथ जीवित रह सकते हैं।
इस कथा में जहाँ ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख है, वहाँ उनका संदर्भ ऐतिहासिक अभिलेखों और उपलब्ध जानकारियों के अनुरूप रखने का प्रयास किया गया है। काल्पनिक घटनाओं को ऐतिहासिक तथ्य न माना जाए।
यह कहानी उन अनकही आवाज़ों को समर्पित है, जो इतिहास के शोर में अक्सर दब जाती हैं।
अध्याय 1
लंदन, 1857। जून की उस सुबह हिंदुस्तान में हुए विद्रोह की खबरें आज आखिरकार लंदन की सड़कों पर पहुँच चुकी थीं। अखबारों की सुर्खियाँ चीख रही थीं— "हिंदुस्तान में बगावत! मंगल पांडे के बलिदान से सुलगी आग ने कानपुर, लखनऊ और दिल्ली को लहूलुहान किया!” चायखानों में फुसफुसाहटों का बाजार गर्म था, "क्या यह ईस्ट इंडिया कंपनी के अंत की शुरुआत है? जो आग प्लासी से सुलगी थी, क्या वो अब समूचे साम्राज्य को निगल जाएगी?" 'द टाइम्स' का संपादकीय चेतावनी दे रहा था: "हिंदुस्तान जाग गया है और हमारी सत्ता की नींव हिल रही है।”
इसी हलचल के बीच, एक 99 वर्षीय बुजुर्ग महिला—जिसकी उँगलियों में आज भी हुगली की ठंडी लहर का अहसास बाकी था—अपने छोटे से फ्लैट की खिड़की से धुँधली धूप को देख रही थी। लंदन की धुंध में भी उसे बंगाल की वो धुंध नजर आ रही थी। ड्रॉइंग-पैड पर उसने एक छोटी नाव बनाई, और आँखों के सामने वो खामोश लड़का तैर गया—जिसने बिना शब्द कहे उसे दुनिया का सबसे शांत कोना दिखाया था। वह उँगली से लहर बनाते हुए रुक गई। विद्रोह की ये खबरें जैसे पुरानी यादों को हिला रही थीं।
उसकी यादों के झरोखे खुले। सामने पुराना दिल्ली का वह आलीशान दरबार नजर आने लगा जब हिंदुस्तान की धरती पर इतिहास लिखा जा रहा था, और उसके बीच में एक ऐसी दोस्ती फूटी थी—जिसे न किताबों में, न तारीखों में, बस उसकी यादों में जगह मिली।
अध्याय 2
दिल्ली, 1717। मुगल बादशाह फर्रुखसियर का आलीशान दरबार रोशनी से जगमगा रहा था। दरबार में मौजूद उमरावों और अधिकारियों की निगाहें बादशाह के सिंहासन पर टिकी थीं। उसी दरबार में एक ऐसा फरमान जारी होने जा रहा था, जिसका प्रभाव आने वाले वर्षों में हिंदुस्तान की तकदीर पर पड़ने वाला था।
मुगल बादशाह फर्रूखसियर ने एक शाही फरमान पर मुहर लगाई और अनजाने में हिंदुस्तान की किस्मत लिख दी। ईस्ट इंडिया कंपनी को बंगाल में 'कर-मुक्त' व्यापार की इजाजत मिल गई थी। महल के झरोखे से दूर देखते हुए एक वयोवृद्ध हिंदू दरबारी ने आह भरी और कहा, "पहले मुगलों ने हमें लूटा, अब ये गोरे लूटेंगे।”
समय बीतता गया। समुद्र के क्षितिज पर अब केवल लहरें नहीं थीं; विशालकाय अंग्रेज जहाज हिंदुस्तानी तटों पर लंगर डालने लगे थे। उन जहाजों से सिर्फ व्यापारी नहीं, बल्कि बंदूकों और बारूद के जखीरे उतर रहे थे। 'गोदाम' बनाने की आड़ में हुगली के किनारों पर पत्थरों के मजबूत किले खड़े होने लगे। इसी भीड़ में एक दुबला-पतला युवक भी था—रॉबर्ट क्लाइव। मद्रास की तपती दोपहरों में क्लर्क की नीरस फाइलों में उलझा क्लाइव अक्सर चिड़चिड़ा रहता था, लेकिन 1751 में अर्काट की घेराबंदी के दौरान उसने कलम छोड़कर तलवार थाम ली और अपनी सैन्य प्रतिभा से पूरी दुनिया को चौंका दिया। धीरे-धीरे अंग्रेज इतने ताकतवर हो गए कि रियासतों के झगड़ों में हाथ डालने लगे। भारतीय राजा आपस की रंजिशों में अंग्रेजों से मदद माँगने लगे। अंग्रेज मदद तो करते, लेकिन उसकी कीमत सोने की अशर्फियों और ज़मीन के टुकड़ों से वसूली जाती। फिर आया वह निर्णायक साल—1757। प्लासी का मैदान।
आम के बागों के पीछे नवाब सिराजुद्दौला की विशाल सेना खड़ी थी। सामने रॉबर्ट क्लाइव की मुट्ठी भर टुकड़ी थी, लेकिन क्लाइव के चेहरे पर अजब सा सुकून था। जैसे ही जंग का बिगुल बजा, नवाब ने अपने सबसे भरोसेमंद सेनापति मीर जाफर को आगे बढ़ने का इशारा किया। लेकिन मीर जाफर की तलवार म्यान से बाहर ही नहीं निकली। वह अपनी घुड़सवार सेना के साथ पत्थर का बुत बना खड़ा रहा। सिराजुद्दौला की चीख बारिश के शोर में गूंजी, "जाफर! यह वतन से गद्दारी है!" मीर जाफर ने नजरें फेर लीं। उधर क्लाइव के होठों पर एक कुटिल मुस्कान तैर गई। यह वह जंग थी, जो कभी लड़ी ही नहीं गई, बल्कि पहले ही खरीदी जा चुकी थी। प्लासी की जीत ने मीर जाफर को कठपुतली नवाब और कंपनी को बंगाल की असली ताकत बना दिया।
अध्याय 3
सोने और जवाहरात से लदे जहाज़ अब नियमित रूप से लंदन जाने लगे थे। व्यापार से शुरू हुई यह यात्रा अब राजस्व और शासन तक पहुँच चुकी थी। साल 1764 के बक्सर युद्ध के बाद रॉबर्ट क्लाइव ने कूटनीति और ताकत के बल पर बंगाल का लगान वसूलने का कानूनी अधिकार भी छीन लिया, जिससे ईस्ट इंडिया कंपनी ही यहाँ की वास्तविक शासक बन गई।
एक दोपहर, हुगली की शांत हवाओं में ढोल की थाप किसी मनहूस खबर की तरह गूँजी। मुनादी करने वाले ने ऊँचे स्वर में चिल्लाकर कहा, "सुनो-सुनो-सुनो! आज से बंगाल में दोहरी शासन व्यवस्था लागू की गई है। अब तुम्हारे खेतों का लगान, नमक का टैक्स और व्यापार का सारा पैसा सीधे अंग्रेज़ कंपनी के खजाने में जाएगा। नवाब के पास अब सिर्फ शासन चलाने की जिम्मेदारी होगी!”
गाँव की गलियों में सन्नाटा पसर गया, लेकिन दबी जुबान में सुगबुगाहट शुरू हुई। कोई फुसफुसाया, "व्यापार करने आए थे, अब हम पर ही हुकूमत कर रहे हैं।" वहीं दूसरा बोला, "हम अपने ही देश में किराएदार बन गए हैं। इन गोरों को सिर्फ हमारे अनाज से मतलब है, हमारी भूख से नहीं।”
रात गहराते ही दूर 'फोर्ट विलियम' की ओर से तोपों की सलामी की आवाज़ आई। यह आवाज़ किसी जीत का जश्न नहीं, बल्कि 'सोने की चिड़िया' के पंख बेरहमी से कतरे जाने का ऐलान थी। फिर आया सन 1770 का वह काला साल, जो बंगाल की हवाओं में मौत की गंध घोल गया। अकाल की उस विभीषिका में नदियाँ लाशों से अटी पड़ी थीं और लोग दाने-दाने को मोहताज थे। लेकिन कलकत्ता के आलीशान दफ्तरों में कोई सन्नाटा नहीं था, वहाँ सिर्फ सिक्कों की खनक गूँज रही थी।
इस तबाही के बीच, 12 साल का मूक बालक आर्यन एक टूटी झोपड़ी में ज़िंदा लाश की तरह बचा था। उसने अपनी आँखों के सामने भूख से तड़पती छोटी बहन और अंग्रेजों के जुल्म से टूटकर आत्महत्या करने वाले पिता को खोया था। अब उसके पास याद के नाम पर सिर्फ पिता की छोड़ी हुई वह पुरानी नाव थी। जब भी गली में लाल वर्दी और चमकते भारी बूटों की आहट होती, आर्यन का मासूम शरीर पत्थर सा सख्त हो जाता और उसकी मुट्ठियाँ नफरत से भींच जातीं।
अध्याय 4
क्लाइव की नीतियों के कारण बंगाल में लगान की दरें बहुत बढ़ चुकी थीं। लंदन की संसद में भी यह कानाफूसी तेज़ हो गई थी कि ईस्ट इंडिया कंपनी के खजाने तो खाली हैं, पर उसके अफसर 'नवाबों' जैसी विलासिता में डूबे हैं। इसी भ्रष्टाचार की जांच के लिए ब्रिटिश संसद की ओर से एक रसूखदार अधिकारी जॉन बर्गोइन को विशेष मिशन पर कलकत्ता भेजा गया। उनके साथ उनकी दूसरी पत्नी और बेटी 'एलिसा' भी हिंदुस्तान आईं।
एलिसा, जो जन्म से सुन नहीं सकती थी, अपनी एक अलग और खामोश दुनिया में कैद थी। उसे कलकत्ता का शोर तो सुनाई नहीं देता था, लेकिन वह यहाँ की हवाओं में घुली उदासी और ज़मीन की बेचैनी को अपने पैरों के तलवों से महसूस कर सकती थी। उसके लिए ऊँचे फोर्ट विलियम की दीवारें किसी भव्य जेल जैसी थीं, जहाँ गोरे अफसर पालकियों और बग्घियों में अकड़कर निकलते थे और उनके आसपास हिंदुस्तानी मुंशियों और लाचार नौकरों की भीड़ लगी रहती थी।
एक शाम, जॉन बर्गोइन का परिवार कलकत्ता के व्यस्त बाज़ार से होकर गुज़र रहा था। उनकी नक्काशीदार शाही बग्घी के आगे-आगे अंगरक्षक चल रहे थे। बाज़ार की संकरी और कीचड़ भरी सड़कों पर बग्घी की रफ्तार बेहद धीमी थी। एलिसा खिड़की के मखमली परदे को थोड़ा हटाकर बाहर की दुनिया को कौतूहल से देख रही थी। तभी अचानक, सड़क के एक कोने में अनाज की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे भूखे किसानों और 'कंपनी बहादुर' के सिपाहियों के बीच झड़प हो गई। सिपाहियों के कोड़े चलते ही गुस्साई भीड़ ने पलटवार कर दिया और देखते ही देखते विरोध हिंसक हो उठा। पूरे बाज़ार में अफ़रा-तफ़री मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और पत्थर चलने लगे। ब्रिटिश सुरक्षा घेरा पूरी तरह टूट चुका था। डरे हुए घोड़े हिनहिनाने लगे। चारों तरफ से हुए भीषण पथराव के कारण बग्घी का एक पहिया सड़क किनारे के गहरे नाले में धँस गया और बग्घी एक तरफ बुरी तरह झुक गई, जिस कारण एलिसा का संतुलन बिगड़ा और वह बग्घी से बाहर ज़मीन पर आ गिरी।
एलिसा ने उठते हुए घबराकर पीछे देखा—बग्घी की खिड़की के काँच को तोड़ता हुआ एक भारी पत्थर उसके पिता के माथे पर जा लगा था, जिससे वे लहूलुहान होकर बेहोश हो चुके थे। धूल, धुएँ और भागते पैरों के बीच एलिसा मुख्य सड़क से दूर, हुगली नदी की ओर जाने वाली एक तंग और सुनसान गली में धकेल दी गई। कुछ देर बाद सूरज ढल गया, नदी के किनारे-किनारे बदहवास चलते हुए अचानक एलिसा का पाँव लकड़ी की एक छोटी-सी नांव से टकराया और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी। एलिसा अपने परिवार से बिछड़ चुकी थी—एक ऐसी दुनिया में, जहाँ वह किसी की पुकार सुन नहीं सकती थी और उसे पुकारने वाला कोई नहीं था। वह अनजान थी कि यह छोटी-सी नाव, कंपनी के सताए हुए एक लड़के की नफ़रत का इकलौता ठिकाना थी।
अध्याय 5
अगली सुबह, हुगली नदी के घाट पर अपनी नाव के करीब पहुँचते ही आर्यन के कदम ठिठक गए। नाव के भीतर सफेद गाउन पहने, सुनहरे बालों वाली एक विदेशी लड़की बेसुध पड़ी थी। उसे देखते ही आर्यन की आँखों के सामने पिता की आखिरी चीख और अंग्रेजों के कोड़ों की मार कौंध गई। “यह उन्हीं गोरों में से एक है!” उसने मन ही मन सोचा। नफ़रत से भरे आर्यन ने उसे उसी हाल में छोड़ने के लिए कदम पीछे खींचे, तभी लड़की के होंठों से एक दर्द भरी कराह निकली। उस लाचारी ने आर्यन को अकाल में दम तोड़ती अपनी छोटी बहन की याद दिला दी। नफ़रत पर इंसानियत भारी पड़ी। उसने झिझकते हुए लड़की को कंधे पर उठाया और अपनी छोटी-सी की झोपड़ी में लाकर चटाई पर लिटा दिया।
जब लड़की की आँखें खुलीं, तो एक साँवले अनजान लड़के को देखकर उसकी नीली आँखों में खौफ उतर आया। वह घबराहट में हाँफने लगी और उसने हाथ-पैर फड़फड़ाए। आर्यन ने अपनी हथेलियाँ फैलाकर उसे शांत रहने का इशारा किया और मिट्टी के सकोरे में पानी भरकर उसकी तरफ बढ़ाया। तभी झोपड़ी के बाहर ब्रिटिश सैनिकों की भारी आवाज़ें और घोड़ों की टापें गूँज उठीं। आर्यन समझ गया कि वे इसी लड़की को ढूँढ़ रहे हैं। वह सहमकर दरवाज़े के पास खड़ा हो गया। उसे लगा कि सैनिकों का शोर सुनकर यह लड़की चिल्लाएगी या बाहर भागेगी और ब्रिटिश सैनिक उसे संदिग्ध मानकर पकड़ लेंगे, लेकिन वह बेखबर शांत बैठी पानी पीती रही। कुछ देर बाद सैनिक वहाँ से आगे निकल गए। सैनिकों का इतना शोर भी इसे सुनाई नहीं दिया? आर्यन के माथे पर बल पड़ गए। वह दबे पाँव लड़की के पीछे गया और ज़मीन पर पड़ी पीतल की एक चपटी थाली को पैर से नीचे गिरा दिया। थाली मिट्टी के फर्श पर तीखी झनझनाहट के साथ गिरी, पर लड़की ने पलटकर नहीं देखा। जब आर्यन ने उसके सामने आकर हवा में अपना हाथ हिलाया, तब जाकर लड़की ने अपनी नीली आँखें उठाईं। आर्यन ने अपनी जीभ पर उंगली रखकर सिर हिलाया, जैसे कह रहा हो—"मैं बोल नहीं सकता।” पल भर में दोनों की खामोश आँखों ने एक-दूसरे का सच पढ़ लिया। आर्यन समझ गया कि एलिसा सुन नहीं सकती और एलिसा ने जान लिया कि आर्यन की ज़ुबान खामोश है। शब्दों की दुनिया से परे, दोनों अब बराबर थे।
बाज़ार के उस हिंसक दंगे और अफ़रा-तफ़री के कुछ दिनों बाद हुगली के किनारे आर्यन की झोपड़ी ही एलिसा का सुरक्षित ठिकाना बनी रही, जहाँ दोनों की खामोशियाँ एक-दूसरे की भाषा बन रही थीं।
अध्याय 6
धीरे-धीरे कलकत्ता की सड़कों पर फैला तनाव कुछ कम हुआ और बाज़ार में मुस्तैद भारी सैनिक बल की संख्या घटने लगी। जब हालात थोड़े सामान्य दिखे, तब एक सुबह आर्यन ने एक पुराने सूती कपड़े से एलिसा का चेहरा और सुनहरे बाल ढके, ताकि भीड़ की नज़रें उस पर न ठहरें। उसने धीरे से एलिसा का हाथ थामा और हुगली के किनारों से होते हुए वे कलकत्ता के सबसे व्यस्त बाज़ार 'बड़ा बाज़ार' की ओर बढ़े।
वहाँ हलचल का एक सैलाब था। एलिसा के लिए यह दुनिया बेआवाज़ थी, लेकिन उसके पैरों के तलवे ज़मीन की हर हलचल को पकड़ रहे थे। भारी भरकम बैलगाड़ियाँ रास्ता काट रही थीं, उनके लकड़ी के पहियों की रगड़ से उड़ने वाली धूल हवा में तैर रही थी। एक कोने में भीड़ मुर्गियों की लड़ाई पर दांव लगा रही थी—उड़ते पंख, जोश में उछलते लोग और सट्टेबाजों के हाथों के इशारे। कुम्हार के चाक से निकलती मिट्टी की सोंधी खुशबू और मसालों की तेज़ भिनभिनाहट हवा में घुली थी। अनाज के ठेले पर सौदागर उँगलियों से तौल कर रहा था, ग्राहक मोलभाव कर रहे थे। एलिसा मुस्कुराई। उसने झुककर अपनी हथेली से बैलगाड़ी के पहिए का कंपन छुआ। उनके लिए यह शोर का बाजार नहीं, बल्कि जीवन की लय था—जहाँ खामोशी के बीच भी दुनिया साँस लेती है।
दिया।
आर्यन ने अपनी जेब से अपनी मेहनत की कमाई का इकलौता सिक्का निकाला और हलवाई से एक खुशबूदार बेसन का लड्डू खरीदकर एलिसा को दिया। एलिसा ने उसका छोटा सा टुकड़ा चखा; गुड़ की मिठास और घी की महक ने उसके डर को जैसे पिघला दिया। बाज़ार के उस भीषण शोर और अफरा-तफरी के बीच, वे दो बच्चे शांत खड़े थे—जैसे किसी तूफ़ान के केंद्र में एक स्थिर बिंदु हों।
तभी, बाज़ार के दूसरे छोर पर धूल का एक गुबार उठा और भीड़ अचानक छंटने लगी। पीतल के बटनों की चमक धूप में कौंधी—'लाल वर्दियाँ' हाथ में संगीनें लिए बाज़ार में दाखिल हो रही थीं। आर्यन का दिल ज़ोर से धड़का; उसने तुरंत एलिसा का हाथ कसकर थाम लिया और संकरी और अंधेरी गलियों की ओट लेते हुए वे वापस हुगली के उसी किनारे पहुँच गए जहाँ आर्यन की टूटी झोपड़ी खड़ी थी।
अध्याय 7
एक शांत सायंकाल, जब हुगली नदी के किनारे रेत नरम हो रही थी और सूरज की किरणें लंबी हो रही थीं, आर्यन और एलिसा वहीं ज़मीन पर बैठ गए। आर्यन ने मुस्कुराते हुए अपने हाथ जोड़े, उंगलियों को फैलाकर एक खरगोश की परछाई दीवार पर फेंकी—कान लटकते हुए, नाक हिलती हुई। एलिसा की आँखें चमक उठीं। उसने भी हाथ उठाए, हथेलियों को मोड़कर एक पक्षी बनाया—पर फैलाए, चोंच आगे। परछाई नदी किनारे की मिट्टी की दीवार पर नाचने लगी। आर्यन ने जवाब में कुत्ता बनाया—पूँछ हिलती, जीभ बाहर। दोनों हँस पड़े—बिना आवाज के, बस आँखों से। परछाइयों का यह नृत्य सूरज की रोशनी में रंग बदलता रहा—लाल, नारंगी, सुनहरा। आर्यन ने अपना हाथ आगे बढ़ाया, हथेली ऊपर करके—'मिलाओ' का संकेत। एलिसा ने पकड़ा, फिर दोनों ने मिलकर पानी की ओर इशारा किया। सूरज डूबते हुए नदी को लाल-सुनहरा रंग दे रहा था; पक्षी झुंड में उड़ रहे थे।
आर्यन एलिसा को अपनी छोटी लकड़ी की नाव पर बिठाकर ले गया। हुगली की लहरें नाव को धीरे झुला रही थीं। आर्यन ने चप्पू थामे और एक लयबद्ध गति में उन्हें पानी में उतारा। उसने एलिसा की ओर देख कर पानी की सतह पर उंगली फेरकर लहरों को छूने का इशारा किया। एलिसा ने अपनी उंगलियां ठंडी लहरों में डुबो दीं। उसने अपनी आँखें बंद कर लीं और बहती हवा के स्पर्श को महसूस किया। आर्यन ने नाव को नदी के बीचों-बीच ले जाकर रोक दिया। ढलते सूरज की आखिरी किरणों ने हुगली को एक सुनहरी चादर ओढ़ा दी थी। तभी किनारों पर शहर जाग उठा। पहले एक-दो घरों में, फिर दूर फोर्ट विलियम की दीवारों और नाविकों की झोपड़ियों तक—सैकड़ों लालटेनें टिमटिमा उठीं। ऐसा लगा मानो आसमान के तारे टूटकर धरती पर उतर आए हों। उन पीली रोशनियों का अक्स जब पानी पर नाचने लगा, तो एलिसा के चेहरे पर एक ऐसी चमक आई जो उसने लंदन के आलीशान महलों में भी कभी महसूस नहीं की थी। जैसे-जैसे चांदनी रात में नाव आगे बढ़ रही थी, एलिसा के भीतर भी कुछ बदल रहा था। उसने जान लिया था कि यह 'मूक दोस्त' उन 'बोलने वाले लोगों' से कहीं ज़्यादा संवेदनशील और मानवीय है। आर्यन ने उसे वह सिखाया जो महलों ने नहीं सिखाया था—ज़िंदा रहना। उसने महसूस किया कि असली संवाद शब्दों के मोहताज नहीं होते; वे स्पर्श, नज़रों और उस भरोसे में बसते हैं जो दो रूहों के बीच बिना किसी शोर के पनपता है।
अध्याय 8
फोर्ट विलियम के करीब पहुंचते ही, हुगली की धीमी लहरों ने एलिसा को गहरी नींद की आगोश में सुला दिया। उसका सिर नाव के किनारे से टिका था और उसके चेहरे पर सुकून था। आर्यन उसे सोते हुए देख मुस्कुराया, पर उसकी मुस्कुराहट में एक अनजाना डर और विदाई की टीस थी।
जैसे ही नाव किनारे की रेतीली जमीन से टकराई, किनारों पर मशालों की रोशनी नाचने लगी जिसमें संगीनों की चमक और बूटों की भारी आवाज गूँज उठी। दर्जनों अंग्रेज सैनिक और अंगरक्षक हथियारों के साथ नाव की ओर लपके।"वहाँ है!" एक अंग्रेज सार्जेंट चिल्लाया। इससे पहले कि आर्यन कुछ समझ पाता या अपनी जगह से हिल पाता, दो सैनिकों ने आर्यन को बेरहमी से घसीटकर नाव से नीचे उतारा। उसने कोई प्रतिरोध नहीं किया, बस उसकी नजरें सोती हुई एलिसा पर टिकी थीं।
तभी भीड़ को चीरते हुए एलिसा के पिता, जॉन बर्गोइन, बदहवास होकर आगे आए। उन्होंने फौरन एलिसा को गोद में उठा लिया। पिता की छुअन से एलिसा की आँखें खुलीं। अधखुली आँखों से उसने अपने पिता को देखा और उन्हें गले लगा लिया। लेकिन अचानक उसकी नजरें रेत पर पड़े उस चप्पू पर पड़ीं जिसे आर्यन ने अभी कुछ देर पहले थाम रखा था, लेकिन वहाँ आर्यन नहीं था। जब उसने बदहवास होकर चारों तरफ देखा, तो दूर अंधेरे में सैनिकों की एक टुकड़ी एक साये को घसीटते हुए फोर्ट विलियम की ऊँची और काली दीवारों के पीछे ले जा रही थी।
आर्यन को फोर्ट विलियम की एक गहरी, सीलन भरी कोठरी में डाल दिया गया था। एलिसा किनारे पर खड़ी रह गई—उसकी आँखों में आँसू थे और दिल में वह अधूरा संवाद, जो अब कोठरी की उन खामोश दीवारों के पीछे कैद हो चुका था।
अध्याय 9
हिंदुस्तान में रहकर जॉन बर्गोइन ने अपनी आंखों से देखा कि कैसे क्लाइव और उसके लोग हिंदुस्तान को खोखला कर रहे हैं। उसने अपनी रिपोर्ट महज़ कागज़ों पर नहीं, बल्कि अपने ज़मीर पर लिखी। उन्होंने ब्रिटिश संसद को आगाह किया: "हिंदुस्तान के लोग हमारे दुश्मन नहीं, बल्कि हमारे कुप्रशासन की शोषित प्रजा हैं। कंपनी के अफसर यहाँ व्यापार नहीं, डकैती कर रहे हैं।"
जब यह रिपोर्ट लंदन पहुँची, तो पूरे साम्राज्य में खलबली मच गई। संसद की कमेटी ने स्वीकार किया कि क्लाइव ने कंपनी के लिए साम्राज्य तो खड़ा किया, लेकिन उसके द्वारा बटोरा गया धन अवैध था। जांच की तपिश जब रॉबर्ट क्लाइव की चौखट तक पहुँची, तो उसे अपमानित होकर लंदन लौटना पड़ा।
1773 में कलकत्ता की गलियों में एक बार फिर ढोल गूँजा, लेकिन इस बार सुर अलग थे: "सुनो-सुनो-सुनो! रेगुलेटिंग एक्ट पारित हुआ है! गवर्नर जनरल की नियुक्ति होगी, सर्वोच्च न्यायालय बनेगा, और अफसरों के निजी व्यापार व रिश्वत पर पूर्ण प्रतिबंध होगा!"
इस नए कानून के साथ ही मानवीय सुधारों की एक लहर चली। जॉन बर्गोइन ने व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए उन सभी स्थानीय लोगों की रिहाई का आदेश जारी करवाया, जिन्हें बिना किसी ठोस अपराध के केवल संदेह या व्यक्तिगत रंजिश के कारण फोर्ट विलियम की कालकोठरियों में ठूँस दिया गया था। जॉन बर्गोइन ने जब रिहाई के कागज़ात पर दस्तखत किए, तो उनके पीछे खड़ी एलिसा की आँखों में कई दिनों बाद उम्मीद की एक खामोश चमक लौटी थी।
सत्ता के शिखर से सीधे ज़मीन पर गिरे रॉबर्ट क्लाइव के लिए यह हार असहनीय थी। जिस शख्स ने आधे हिंदुस्तान को अपनी उंगलियों पर नचाया था, वह ग्लानि और अपमान के बोझ तले टूट गया। अंततः, अपनी ही बनाई विलासिता के बीच, उसने खुदकुशी कर ली।
अध्याय 10
कलकत्ता के खारी बंदरगाह पर शोर का सैलाब था, लेकिन आर्यन और एलिसा के लिए वहाँ एक गहरा सन्नाटा पसरा था। जब एलिसा जहाज पर चढ़ने के लिए आगे बढ़ी, आर्यन ने एक पुराना कपड़ा खोला जिसमें एक नन्हा नाव का ढांचा सहेजकर रखा था। आर्यन ने उसे एलिसा के लिए अपने हाथों से बनाया था। लकड़ी के टुकड़ों, ताड़ के सूखे पत्तों और नदी की चिकनी मिट्टी से बना यह ढांचा ठीक वैसा ही था, जैसा उस शाम हुगली की लहरों पर झूलती उनकी नाव। आर्यन ने उसे एलिसा की हथेली पर रख दिया। आर्यन की आँखें लाल थीं, वह बोल नहीं सकता था, इसलिए उसकी सांसें भारी हो रही थीं। एलिसा ने जहाज की लोहे की रेलिंग को कसकर पकड़ लिया, उसके चेहरे पर वह बेबसी थी जो सिर्फ एक 'बधिर' महसूस कर सकता है—जहाँ विदाई का शोर भी सुनाई नहीं देता, बस सीने में एक कंपन महसूस होता है।
आर्यन ने भीड़ के बीच से अपना हाथ उठाया। उसने अपनी उंगलियों को धीरे से हवा में लहराया और फिर अपनी मुट्ठी को सीने पर ज़ोर से दबाया। यह कोई किताबी साइन लैंग्वेज नहीं थी, यह उनका अपना इशारा था— 'सांसें चलती रहेंगी, तो हम फिर मिलेंगे।' एलिसा ने धुंधली आँखों से उसे देखा और जवाब में अपनी हथेली को गाल पर रखकर धीरे से गर्दन झुका दी— 'मैं तुम्हें अपनी यादों में थामे रखूंगी।' जहाज ने एक गहरा सायरन छोड़ा होगा, जिसका कंपन एलिसा ने अपने पैरों के तलवों और रेलिंग के जरिए महसूस किया। आर्यन की आँखों से एक आँसू गिरा, जिसे उसने पोंछा नहीं। जैसे जहाज हुगली के मटमैले पानी को चीरते हुए दूर हुआ, किनारे पर खड़ा आर्यन का साया धुंधलाकर छोटा होता चला गया।
बूढ़ी एलिसा ने अपना स्केच उठाया, उसमें हुगली की लहरें थीं, एक नाव थी और दो नन्हे हाथ जो एक-दूसरे को तलाश रहे थे। उसने उस स्केच को अपनी डायरी की परतों में सहेज लिया, जैसे भविष्य के किसी ऐसे व्यक्ति के लिए कोई संदेश छोड़ रही हो जो जान सके कि कभी-कभी दो देशों के बीच युद्ध नहीं, बल्कि एक खामोश दोस्ती भी खड़ी हो जाती है। एलिसा ने नाव के उस पुराने ढांचे को छुआ—लकड़ी अब सूख चुकी थी और पाल फीके पड़ गए थे, लेकिन उन पर खुदी लहरों की नक्काशी वैसी ही थी। उस स्पर्श में उसे आर्यन का हाथ फिर से मिल गया। इतिहास के पन्ने पलट गए, लेकिन आर्यन और एलिसा का वह मौन रिश्ता उन दो देशों के बीच पहली मानवीय कड़ी बन गया।”
About the Competition
The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar is a prestigious event celebrating the art of storytelling. It invites writers from various genres to submit their works, fostering a platform for creative expression and literary excellence. The competition is an opportunity for participants to share their unique voices and narratives with a wider audience, contributing to the vibrant tapestry of contemporary literature.
We extend our heartfelt thanks to Prabhat Khulbe for sharing "साइलेंट वेव्स" with us as part of the Poetry and Creative Writing Competition 2026. This captivating short story offers a profound reflection on history and human emotion. We appreciate Prabhat's contribution and look forward to more of their insightful storytelling.
About Hashtag Kalakar
Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.




Comments