शांतिदूत श्री कृष्ण - By Sandeep kumar singh (yugmahalaya)
Written By: Sandeep kumar singh ( yugmahalaya)
Category: Poetry
Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026
Immerse yourself in the profound poetic world of Sandeep kumar singh (yugmahalaya) as he presents "शांतिदूत श्री कृष्ण." This submission, part of the Poetry and Creative Writing Competition 2026, delves into the timeless narrative of Krishna as a peace messenger amidst the epic Mahabharata. With a deep-rooted connection to Indian mythology and spirituality, the poem explores themes of peace, righteousness, and the relentless pursuit of dharma. Sandeep's work stands as a testament to the enduring power of classical themes in contemporary poetry.
About the Work
In "शांतिदूत श्री कृष्ण," Sandeep kumar singh crafts a vivid tableau of mythological grandeur and moral introspection. The poem’s rich imagery and rhythmic cadence evoke the grandeur of Krishna’s mission to bring peace to a tumultuous world. Through a tapestry of evocative language and spiritual reflection, Sandeep encapsulates the tension between duty and desire, culminating in a powerful meditation on the eternal struggle for justice and harmony.
शांतिदूत श्री कृष्ण
Original Submission by Sandeep kumar singh ( yugmahalaya)
शांतिदूत श्रीकृष्ण
१.
थी सजी, हस्तिनापुर नगरी,
ज्यों, सभा इंद्र की, हो उतरी।
थी मलय-गंध से निखरी-निखरी,
मृदु-सुमन पंखुरी थीं बिखरी।
बेला, शतदल से द्वार सजे,
मंगलध्वनि, मंगलचार बजे।
अनवद्दांग, मंजुल, अभिजात,
अब उससे सुंदर कौन रचे?
आ रहा युगों का,जो स्वामी,
अद्वैत,अखिल, अन्तर्यामी।
अत्यय,अमीव हुए द्रुतगामी,
तब वल्गाएँ जिसने थामीं।
संतप्त था युग संतापों से,
पृथ्वी परिपूर्ण थी पापों से।
था गरल छलकता साँपों से,
शापित श्वासें अभिशापों से।
२
वो जान रहा,था मान रहा,
कब समय कहाँ अज्ञान रहा?
दुष्कर्मों को न ध्यान रहा,
कब कहाँ पाप में प्राण रहा?
युद्ध तभी तो होता है,
मानव प्रबुद्ध जब सोता है,
पर धर्मराज थे जाग रहे,
संकल्प शांति का माँग रहे।
“ दुर्योधन को साम्राज्य मिले,
आधा ही हमको राज्य मिले।
न ईर्ष्या हो ,न द्वेष पले,
सद्भाव,शांति से देश चले।
हो उस पर भी आपत्ति अगर,
न देना चाहें हमें नगर,
पाँच पाण्डवों के हो नाम,
हस्तिनापुर के पाँच ग्राम।
संदेश शांति का लिए,
वासुदेव जाना होगा।
इस बार है,अंतिम बार,
उन्हें समझाना होगा।
क्षात्र-धर्म का मर्म,
उन्हें बतलाना होगा।
एक बार धर्म-सन्मार्ग,
उन्हें दिखलाना होगा”।
संदेश शांति का, कृष्णा को,
किंचित न भाया।
“हैं खुले केश, नहीं धुले,
रक्त अब तक न पाया।
क्यों भीम का पौरुष,
सौ कौरव को गिन न पाया?
क्या गुडाकेश ने, हाथों से,
गांडीव गिराया?
अपमान द्रौपदी का,
इस युग को मोक्ष न देगा।
क्या न्याय, शांति की मर्यादा को,
दोष न देगा?
क्या पांचाली की पीड़ा, पौरुष,
परोक्ष न लेगा?
विस्मृत सौगंध की लज्जा,
क्यों काल का कोष न लेगा”?
“धीर धरो, कृष्णे”!
बोले थे केशव।
“रणभूमि में, सौ कौरव के,
देखोगी शव।
परिपक्व काल है होता,
नहीं उसमें है शैशव।
अमोघ शांति उपरांत,
उदधि में उठता रौरव”।
३
दुर्योधन ने सुना,
हुआ वो था मतवाला।
संदेश शांति का,
शत्रुपक्ष से आने वाला।
लाने वाला ,कोई और नहीं,
मथुरा का ग्वाला।
पता नहीं,किस मायावी से,
पड़ा था पाला।
थे चिंतित,
गहन मंत्रणा के विश्लेषण।
आने वाला रणछोड़,
रोकने युग का रण।
ऐश्वर्य बिछा दो,
जहाँ पड़े मायावी के चरण।
सत्कार में मायावी के,
माया हो अर्पण ।
नहीं,
पाण्डवों को हम,
श्रेय अगाध न देंगे।
तब तक गूँथेंगे,
जब तक उनको राँध न लेंगे।
ऐश्वर्य अकूत से,
उस ग्वाले को साध ही लेंगे,
और नहीं तो,
छल-बल से उसे बाँध ही लेंगे।
कौरवों का वो कलुष,
मनमाना था।
मन से मोहन न जाना था,
मनमोहन को न मोह सके,
मोहन का मोह सुदामा था।
छोड़ भव्य प्रासाद, उन्हें,
कुटिया में विदुर की जाना था।
बोले दुर्योधन से “आओ,
तुम आज हमारे संग खाओ,
सात कोस से मैं आया,
तुम ड्योढ़ी महल की,
लाँघ आओ”।
“आभार कृष्ण, माना मैने,
पर प्रण मन में ठाना मैने।
प्रण से न विमुख हो पाऊँगा,
प्रण हुआ पूर्ण तब खाऊँगा”।
सत् ने असत् पहचान लिया,
प्रण का पूरा सम्मान किया।
कटुता ने था विषपान किया,
नहीं धर्म सोपान लिया।
शठ ने था हठ का मान किया,
नहीं शांति का ध्यान किया,
दुर्योधन के प्रण-प्राण ने,
युद्ध और आसान किया।
४
बंद दृगों से झाँक रहा,
इतिहास समय को आँक रहा।
सिंहासन के कमरबंद में,
कुरुक्षेत्र था टाँक रहा।
ये फिर होगा,
हाँ, फिर होगा।
नहीं कभी भी स्थिर होगा।
शांति की विद्यापीठ,
स्वार्थ था,
समर-क्षेत्र में हाँक रहा।
उठ रहे ध्वंस के दंश,
प्रलय में कहाँ सृजन का अंश,
समय जिसे ताक रहा।
बो उठे मूल में शूल,
समय प्रतिकूल,
धरोहर धूल,
समय जिसे फाँक रहा।
धृतराष्ट्र बँधे सिंहासन से,
गुरु द्रोण , भीष्म भी शासन से।
थे महावीर निर्वासन में।
सद्भाव और सद्भाषण में,
थी विदुर-नीति निर्वाचन में।
युवराज नहीं अनुशासन में।
“ मेरा प्रणाम,सब गुरुजन को,
आशीष, स्नेह सब परिजन को।
अभिवादन पाण्डव का हो स्वीकार,
महाराज,मान्य, सबका आभार।
कुरूवंश हरा और भरा रहे,
धन्य-भाग्य ये धरा रहे।
स्नेह स्वजन में बना रहे,
शीर्ष आर्यावर्त का तना रहे।
संसार का मुख,
इस ओर ही है।
सुख-दुःख तो चारों ओर ही है।
कुछ खो देते,कुछ पा जाते,
और आगे फिर हम बढ़ जाते।
जीवन-चरित्र का सार यही,
कभी जीत,कभी हार मही।
अब आगे की दशा-दिशा,
तय होगी आज ,इसी सभा।
महाराज,दूत बन आया हूँ,
संदेश शांति का लाया हूँ।
महाराज,न्याय की है गुहार,
अन्याय हुआ जो, वो बिसार,
नहीं चाहते हैं प्रतिकार,
नहीं दया,न तो उपकार।
राज-धर्म के ही अनुसार,
माँग रहे अपना अधिकार”।
संदेश अभी न पूरा था,
पाण्डव का पत्र अधूरा था।
बिच्छू ने जैसे काट लिया,
हो विष-व्यालों ने चाट लिया।
छटपटा उठा था दुर्योधन,
न लिया सभा का अनुमोदन।
जैसे वो बोलता जाता था,
विष-ग्रंथि खोलता जाता था।
स्वार्थ-दृष्टि को बना तुला,
छल-छद्म तौलता जाता था।
“ अधिकार कहाँ,दुस्साहस है,
कपटी पाण्डव का लालच है।
सिंहासन तो धृतराष्ट्र का था,
वो ही राजा इस राष्ट्र का था।
ईश्वर ने उन्हें जन्मांध किया,
छल-बल ने उनसे स्वांग किया।
ये राज्य पिता का है मेरे,
पाण्डु ने भिक्षा-दान लिया।
धृतराष्ट्र-पुत्र, मैं, दुर्योधन,
हैं समर्थ मेरे ये नयन।
हूँ देख रहा छल-कपट का रंग,
कैसे है बदल रहा क्षण-क्षण।
पाण्डव से जाकर कहो,कृष्ण,
कोई भीख नहीं होता शासन।
राज्य नहीं चीत्कार,रुदन
न आर्त वचन का संभाषण।
धरती उसके ही गहे चरण,
है घुला लहू में जिसके रण।
मानव,गंधर्व,यक्ष, देवगण,
सुन लें इस दुर्योधन का प्रण,
हस्तिनापुर बस मेरा है,
मेरा है,मेरा सिंहासन”।
दुर्योधन ने दो टूक कही,
अभिशप्त सभा पर मूक रही।
था पुत्र-मोह ने भरमाया,
राजा न राजा रह पाया।
पिता पुत्र को देख रहा,
अंधे नयनों को सेंक रहा।
नहीं शकुनि इस बार,
न पाया पार,
क्रूर था काल,
जो पाँसा फेंक रहा।
समय कहाँ कुछ गढ़ता,
वही है पढ़ता,
भाल पे अमिट,
भाग्य का लेख रहा ।
५.
“ कर्तव्य प्रकृति का अनुमोदन,
अधिकार स्वार्थ का संशोधन।
दायित्व-प्रबंधन सिंहासन,
संपत्ति नहीं कोई, दुर्योधन।
हैं सभा में ज्ञानी और ध्यानी,
कुलश्रेष्ठ, वयोवृद्ध, अभिमानी।
गंभीर विषय पर नहीं कभी,
वाचाल हुई जिनकी वाणी।
दुःख है,अचरज है,है हैरानी,
सब देख रहे तेरी मनमानी।
संदेश, हस्तिनापुर के,
नवयुग की उत्सव-बेला है।
नहीं हस्तिनापुर , दुर्योधन!
तेरा अधिकार अकेला है।
सुना नहीं मेरा संबोधन?
महाराज से था सारा प्रयोजन।
संदेश अभी प्रेषण में था,
कब ग्रहण किया मैंने आसन?
मर्यादा को धता बता,
क्यों खड़ा हुआ तू, दुर्योधन?
तुझे सीमाओं का ज्ञान नहीं,
राजा बनना आसान नहीं।
उद्दंड आचरण और हठपन,
राजधर्म के प्राण नहीं ।
स्थिर जो धर्म पर रहता है,
राज वही कर सकता है।
निर्लज्ज पशु सा चरता है,
जो नहीं नियंत्रण रखता है।
आखेटक का शर-संधान है वो,
आखेट नहीं कर सकता है।
संदेश हस्तिनापुर को है,
राजा को निमित्त चुनूँगा मैं,
धृतराष्ट्र सुनूँ, क्या कहते हैं,
तेरा विलाप फिर सुनूँगा मैं।
पाण्डु-पुत्रों ने नहीं है माँगा,
कुरूवंश का साम्राज्य।
धर्म-नीति पर कहती है,
आधा है, उनका भी ,ये राज्य।
सामर्थ्य नहीं यदि देने की,
श्रेय धर्म का लेने की,
पाण्डव न बैर करेंगे ,महाराज,
पाँच गाँव की भूमि से,
संतोष करेंगे धर्मराज।
स्वार्थ नहीं,
सामर्थ्य, है श्यामल कर देता परती भी।
जो चरित्र में धर्म धरेगा,
वही हरेगा धरती भी”।
अट्टहास दुर्योधन का,
दे रहा सभा को पीर जो,
उपकार पाप का निस्संदेह,
कापुरुष बनाता वीर को।
यही सभा, न थाम सकी,
पांचाली के पावन चीर को।
न देख सकी,
न रोक सकी,
आर्यावर्त के अश्रु-नीर को।
एक राजा था,
वो अंधा था।
क्या अंधी थी राज-सभा?
क्यों नहीं रोक पाया कोई,
उस उच्छृंखल अधीर को?
“ सुनो कृष्ण,
भ्रम न फैलाओ।
संदेश यही वापस ले जाओ,
दिवा-स्वप्न न देखें वो,
जाकर पाण्डव को समझाओ।
सुनो शांति के दूत,
धर्म की दीक्षा, तुमसे न लूँगा।
क्या कहा, राज्य आधा दे दूँ?
अरे! सुई की नोक बराबर ,
भूमि की भिक्षा, जीते जी न दूँगा।
देखूँ मैं सामर्थ्य पाण्डवों का,
देखूँ कितना बल है?
और तेरी माया में ग्वाले!
देखूँ तो कितना छल है”?
“ तू खेल रहा जिस माया से,
वो ही तो मेरी माया है।
मुकुल, मनोहर, हर्ष नहीं,
दुर्घर्ष रूप तुझे भाया है।
आधे को तू छोड़ रहा,
पूरा पाने को दौड़ रहा।
तू नहीं जानता ,दुर्योधन!
किस मार्ग स्वयं को मोड़ रहा।
अन्याय और अनाचार की,
सीमाओं के इसी पार,
रुक जा ,दुर्योधन, एक बार।
सब पाप बिसारे जाएँगे,
भ्राता तुझे गले लगाएँगे।
कृत-कृत्य रहेगा कुरूवंश,
नर न संहारे जाएँगे।
आर्यावर्त के कण-कण में,
स्वर्ग उतारे जाएँगे।“
“है म्यान एक,तलवारें दो,
राज्य एक ललकारें दो।
न कृष्ण तेरा, न मेरा हो,
काल को निर्णय करने दो,
राज-मुकुट किसके सिर हो?
यदि दुर्योधन डर जाएगा,
उस क्षण सचमुच मर जाएगा।
कायर डर से हों तार-तार,
डर कर मर जाएँ बार-बार।
जो मृत्यु से आँख मिलाएगा,
चढ़ शीश, उसे नचाएगा,
सच कहता हूँ,कृष्ण!
हस्तिनापुर वो ही ले जाएगा।
मुझे नहीं समर्पण करना है,
ये राज्य न अर्पण करना है।
विश्वास मुझे है, मुझको ही,
पाण्डव का तर्पण करना है।“
__________________________________
६.
“ महाराज मौन,है सभा मौन,
युग के चिंतन की प्रभा मौन।
स्वार्थ, हठी का, शीर्ष हुआ,
मानव प्रजाति की व्यथा गौण?
धीर-वीर ,जो हैं वरिष्ठ,
संकल्प-सिद्धि में जो बलिष्ठ,
उनकी वाणी क्यों हुई व्योम,
ये बोल रहा वाचाल कौन?
ये मौन अधीश, ये मौन शीश,
क्या न पहचाने जाएँगे?
अपराधी, आर्यावर्त के ये,
युग-युग तक माने जाएँगे।
दुर्योधन! चुप रहो!
नहीं कुछ कहो।
मुझे अब कहने दो।
सच की विभीषिका,दुर्योधन,
इस रुकी सभा में बहने दो।
वैमनस्य के बीज ,
कहो, क्या, आज नहीं विष-वृक्ष हुए?
पापों के निस्पृह समर्थन,
प्रायश्चित के दुर्भिक्ष हुए।
महाराज! नहीं कुछ कहते हैं,
क्योंकर इतना चुप रहते हैं?
जिनके समक्ष यक्ष,देव,गंधर्व,
मान संग झुकते हैं,
पाण्डु-पुत्र क्या कायर हैं,
अन्याय जो इतना सहते हैं?
मानव-गरिमा का ध्यान, मान-सम्मान,
प्राण में बसते हैं,
मत भूले ये सभा,
धर्म का भार वही तो वहते हैं।
विष दिया भीम को बचपन में,
इस दुर्योधन के हठपन ने।
धू-धू कर वारणावत जला,
पर मौन सभा का नहीं टला।
चौसर के उल्टे पाँसो ने,
एक बार नहीं, कई बार छला।
इसी सभा के वर्णन थे,
आचार्य,वीर और गुरुजन थे।
जब स्वजन और परिजन के,
था मरा आँख का पानी,
कृष्णा के सजल नयन थे।
हाँ, खुले केश थे उसके,
क्या पार हुए स्मृति से,
क्यों नहीं रहे स्मरण में
पापी वो हाथ दुश्शासन के?
कुल-वधु के चीर-हरण का ऋण,
है नहीं यहाँ किस माथे ?
हैं कहाँ पुरुष वो कुरु के,
उन्नत शीश वो गुरु के,
उल्लेख मात्र से जिनके,
थे पौरुष नहीं अघाते?
निर्लज्ज ठोंकता था जंघा,
यहाँ कौन नहीं जो था अंधा?
नर समक्ष नीर में नारी,
हाय! अबला बेचारी!
क्या हुए थे सब व्यभिचारी?
क्षत्रिय कहाँ थे सारे,
पांचाली जिन्हें पुकारे?
वो पाप सभी ने देखा,
अश्रु की अविरल रेखा,
क्रंदन किसने न सुना?
नहीं पुरुष कोई जगा।
पृथ्वी फट कर दो टूक हुई,
क्यों सभा न्याय की मूक हुई?
उस पर उनको वनवास दिया?
एक वर्ष वास अज्ञात दिया।
तेरह वर्षों का त्रास दिया,
पर नहीं किसी ने साँस लिया।
छल, कपट,ईर्ष्या, द्वेष फला,
षड्यंत्रों का सजा किला,
नंगे पाँव था पाप चला,
पर नहीं धर्म का मार्ग हिला।
तेरह वर्षों का ताप सहा,
नहीं जरा संताप रहा।
हो गई वज्र, अब देह,
भरा मन नेह।
सब अस्त्र-शस्त्र लिए गेह,
नहीं संदेह,
भाग्य का श्राप ढहा।
तू रहा,
वहीं ही खड़ा,
न किंचित हिला,
वही उत्पात रहा।
तेरी स्तुति में शांति,
युद्ध तू जाप रहा?
तो सुने सभा, जो मान रही,
महाराज की दुविधा जान रही।
आचरण तेरा, हतभाग्य,
कभी अब शुद्ध न होगा।
पृथ्वी पर, दुर्योधन!
फिर ऐसा युद्ध न होगा।
ये समर लिखेगा,
इस युग का अंतिम अध्याय।
रक्षा धर्म की करने को,
बस, अब यही उपाय।
अहंकार और स्वार्थ,
नहीं गौरव होता है,
पृथ्वी का राजा नहीं,
कभी रौरव बोता है।
आने वाला हर समय,
तुझे धिक्कारेगा।
अपनी संतति को,
दुर्योधन कह, कौन पुकारेगा?
अहं तेरा,तेरा घमंड,
पुरुषार्थ को तेरे मारेगा।
तू और तेरे साथ खड़ा,
हर योद्धा, इस रण में हारेगा।
है यही लिखा,
बस यही दिखा,
जो समय मुझे दिखाता है।
कुरूवंश का भाग्य,
तेरे हठ पे बहुत पछताता है।
मैं खड़ा समर में देख रहा,
जो तुझे नहीं दिख पाता है।
शिशु प्रलाप, वैधव्य विलाप,
सुन हाय! हृदय फट जाता है।
वीरों की मज्जा, ऊष्म लहू की धार,
जीमते काक, गिद्ध, श्रृगाल।
क्षत-विक्षत शव-अंबार,
कलेजा काल का भी कट जाता है।
सीमित ब्रह्मांड है दुर्योधन!
ये शोक कहाँ अट पाता है?
ये युद्ध है,
आने वाले युग का बीजारोपण।
हर युग का शाप रहेगा,
शापित दुर्योधन।
हो चुकी शांति अवरुद्ध,
क्रुद्ध है युद्ध,
नहीं टलने वाला ।
उस पशु का है आहार,
ये नरसंहार,
जिसे तूने पाला।
संकल्प सिद्ध,
अब कभी न तेरा हो पाएगा।
तू जान न पाया, क्या आया, क्या आएगा?
आने वाला दुर्भिक्ष समय का,
क्या लाएगा?
कब तक अपने मन को तू ऐसे भरमाएगा ?
दुर्योधन!
ये युद्ध तेरा सब ले जाएगा।
भूमि सूई की नोक बराबर न पाएगा”।
अभी पाप का घड़ा,
न पूरा भरा,
फूट जाता कैसे?
अहंकार और स्वार्थ,
जन्म से साथ,
प्रलय का हाथ,
छूट जाता कैसे?
वो दर्प-दंश से विह्वल था,
विष का प्रवाह अति अविरल था।
कटु वचन, कृष्ण के,कालकूट,
मिल गरल हुआ हालाहल था।
विष-व्यालों सा फुँफकार रहा,
प्रहरीगण को ललकार रहा,
“क्या कौरव पौरुषहीन हुए,
सुन मथुरा के मतवाले को?
तत्काल प्रहरियों तुम खोलो,
कारागार के ताले को।
दौड़ो, पकड़ो, बाँध डाल दो,
मायावी इस ग्वाले को।“
वाणी पर नहीं नियंत्रण था,
साक्षात् ही वो आमंत्रण था,
“आ सर्वनाश अब तू आजा “
हतप्रभ थी सभा,हतप्रभ राजा।
दुर्योधन विक्षिप्त हुआ,
कुरूवंश संक्षिप्त हुआ।
जो देख सका वो तृप्त हुआ,
अंधा राजा भी दीप्त हुआ।
७.
था सूक्ष्म और काया उसमें,
ब्रह्मांड समाया था उसमें।
सत् और असत् जाया उसमें,
थे ब्रह्म और माया उसमें।
“ ले रूप अरूप मैं लेता हूँ,
अवसर अनूप तुझे देता हूँ।
धरती, अम्बर, पर्वत, गह्वर,
कानन, तडाग, सरिता, पोखर,
मरुधाम विकट, विप्लव सागर,
सृष्टि के रूप आगोचर, चर,
ले समस्त सृष्टि को वश में कर,
धरणीधर को दुर्योधन धर।
बारह दिनकर का ताप हूँ मैं,
चौदह भुवनों का जाप हूँ मैं।
आठों वसुओं की हूँ महिमा,
दोनों आश्विन की मैं गरिमा,
कहते घनश्याम घनघोर मुझे।
उन्चास मरुदगण की सीमा,
आजा दुर्योधन तोड़ उसे।
तू दिखा भुजा का जोर मुझे,
रणछोड़ हूँ मैं, मत छोड़ मुझे।
अज,प्रलय, प्रभव,मैं परिवर्तन,
नक्षत्र,चंद्र,ग्रह, तारेगण।
मैं ही उल्काओं का प्रपात,
दावानल, बड़वानल भीषण ।
मेरे मुख की प्रज्ज्वलित अगन,
भयभीत न हो, तू खोल नयन।
देख! देख! आ दुर्योधन!
आहुति सदृश स्वाहा कण-कण,
कोटि-कोटि मानव-जीवन।
धरती का सब लोहा पिघला,
सारे धातु, इस्पात गला।
ब्रह्मांड बाँध लें,
क्षण भर में
ले आ तू ऐसी ज़ंजीरें,
न काट सकें जो शमशीरें।
अपने प्रण में अंधेर न कर,
आजा दुर्योधन! देर न कर।
उपनिषद,वेद मैं ही ब्राह्मण,
एकार्णव में मैं नारायण।
समर भूमि में धमक रही,
शिव के तांडव की मैं थिरकन ।
तेरे समक्ष ,मैं हूँ निशस्त्र,
मत ढूँढ़ मुझे योजन-योजन।
बंदीगृह में ही जन्मा हूँ
ले चल बंदीगृह , दुर्योधन”।
ऐसा अलभ्य वो दिग्दर्शन,
दुर्लभ प्रकाश का आकर्षण।
भक-भक उसमें सब सुलग रहे,
ब्रह्मांड का था उसमें तर्पण।
भीष्म,द्रोण, कृप और गुरुजन,
अभिभूत हुए थे सब सज्जन।
दुर्जन पतझड़ से पीत हुए,
कौरव जन-मन भयभीत हुए।
था कुरुक्षेत्र साक्षात खड़ा,
था भरा, पाप का भरा, घड़ा।
अब नहीं शांति संकटमोचन,
शांति कर अवरुद्ध,
युद्ध ही हार चुका था दुर्योधन।
About the Competition
The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar is a prestigious platform celebrating the craft of writing across various genres. It invites participants to explore diverse themes and express their unique voices through poetry, prose, and creative narratives. The competition is an opportunity for writers to showcase their talents and connect with a broader literary community.
We extend our heartfelt appreciation to Sandeep kumar singh for his evocative piece "शांतिदूत श्री कृष्ण." His contribution enriches the Poetry and Creative Writing Competition 2026 with its depth and spiritual resonance. We look forward to witnessing more of his inspiring literary journeys.
About Hashtag Kalakar
Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.



Comments