top of page

युग युगांतर - स्त्री का कुरुक्षेत्र - By Madhu Gupta

47 minutes ago
12 min read

Written By: Madhu Gupta

Category: युग युगांतर - स्त्री का कुरुक्षेत्र

Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026

Madhu Gupta presents "युग युगांतर - स्त्री का कुरुक्षेत्र," an evocative Hindi play featured in the Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar. This work delves into the intricate landscape of a modern woman's challenges in a corporate environment, reflecting on timeless struggles. The play is a profound exploration of gender roles, societal expectations, and personal empowerment, resonating with audiences worldwide.

About the Work

Madhu Gupta's play is a compelling narrative that intertwines historical and contemporary themes, portraying the inner turmoil and resilience of a modern woman in a male-dominated sphere. It employs rich dialogues and classical references, using characters from the Mahabharata to parallel today's challenges. The mood is intense yet empowering, urging introspection on societal norms and personal agency.

a hindi play Yug Yugaanter

Original Submission by Madhu Gupta

युग-युगांतर: स्त्री का कुरुक्षेत्र

सूत्रधार: समय क्या है? क्या समय केवल कैलेंडर के पन्नों का पलट जाना है? सत्य तो यह है कि इतिहास कभी पूरी तरह बीतता ही नहीं। वह हमारे आज में, हमारे विचारों में और हमारे द्वंद्व में निरंतर जीवित रहता है। आज की कथा किसी राजा या साम्राज्य के उत्थान-पतन की नहीं है। आज की कथा है-एक आधुनिक नारी की। एक ऐसी नारी, जिसके पास शिक्षा है, अधिकार है और आत्मनिर्भरता भी है। परंतु क्या इन सब के होने से उसके जीवन का संघर्ष समाप्त हो गया? नहीं। आज भी उसे प्रतिदिन एक अदृश्य कुरुक्षेत्र में उतरना पड़ता है।

(अवंतिका मेज पर लैपटॉप खोलकर बैठी है। राघव और विवेक उपस्थित हैं।)

राघव: अवंतिका, इस अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट का नेतृत्व हमने इस बार 'सौरभ' को सौंपने का निर्णय लिया है। आप अपनी सारी फाइलें और रणनीतियाँ उसे सौंप दीजिए।

अवंतिका: राघव, यह आप क्या कह रहे हैं? पिछले छह महीने से इस प्रोजेक्ट पर दिन-रात मैंने काम किया है। क्लाइंट के साथ सारी प्रस्तुतियाँ मेरी थीं। योग्यता और वरिष्ठता दोनों में मैं आगे हूँ। फिर ऐन वक्त पर मुझे इस चक्रव्यूह में क्यों धकेला जा रहा है?

राघव: आपकी योग्यता पर कोई संदेह नहीं है, अवंतिका। परंतु इस प्रोजेक्ट के लिए देर रात तक बैठकें करनी होंगी, पुरुषों के समूह में बैठकर कूटनीति करनी होगी। आप एक पारिवारिक महिला हैं। कल को आपकी संतान होगी, या घर की जिम्मेदारियाँ आड़े आएँगी। सौरभ इन सब के लिए किसी भी समय उपलब्ध रह सकता है। हमें कंपनी का हित देखना पड़ता है।

अवंतिका: यह सरासर पक्षपात है, राघव! मेरी उपलब्धता पर प्रश्न उठाने से पहले आपने मुझसे पूछा तक नहीं। जब तक काम निकालना था, मैं देर रात तक रुकती रही। आज जब अधिकार और पदोन्नति की बात आई, तो मेरी सीमाओं का बहाना बना दिया गया? यह तो मेरे आत्मसम्मान पर आघात है!

विवेक: अवंतिका, राघव ठीक ही तो कह रहे हैं। तुम बात को इतना क्यों बढ़ा रही हो? वैसे भी पिछले कुछ महीनों से तुम घर पर ठीक से समय नहीं दे पा रही हो। माँ-बाप और समाज भी तो बातें करते हैं कि बहू या बेटी सिर्फ दफ्तर में ही व्यस्त रहती है। थोड़ा सामंजस्य करना सीखो। हर बात पर अड़ना और विद्रोह करना ठीक नहीं होता।

अवंतिका: विवेक, तुम मेरे पति होकर भी मेरे साथ खड़े होने के बजाय मुझे ही झुकने को कह रहे हो? तुम देख रहे हो कि मेरे साथ अन्याय हो रहा है, फिर भी तुम मौन हो?

विवेक: मैं मौन नहीं हूँ, अवंतिका, मैं व्यावहारिक हूँ। समाज के कुछ नियम होते हैं, उन्हें स्वीकार करना ही पड़ता है। अगर तुम इस तरह हर बात पर लड़ोगी, तो रिश्ते बिखर जाएँगे। चलो, घर चलकर इस पर शांत दिमाग से बात करते हैं।

राघव: देखिए अवंतिका, भावुक होने से कॉर्पोरेट नहीं चलता। प्रबंधन का निर्णय अंतिम है।

(राघव अपनी फाइल उठाकर चला जाता है। विवेक भी अवंतिका को परेशान देखकर दूसरी ओर से चला जाता है। अवंतिका थकी हुई और आहत मुद्रा में व्याकुल होकर टहलने लगती है। मेज पर रखी महाभारत की पुस्तक पर उसकी नजर पड़ती है। वह धीरे-धीरे आगे बढ़ती है और कांपते हाथों से पुस्तक को उठाती है।)

अवंतिका: (पुस्तक के पन्नों को सहलाते हुए, आहत स्वर में)

योग्यता... अधिकार... सामंजस्य! कितने छलावे भरे शब्द हैं ये। जब काम निकालना हो तो स्त्री की योग्यता का ढिंढोरा पीटा जाता है, और जब अधिकार देने की बारी आए, तो सामंजस्य के नाम पर उसे कुरुक्षेत्र के किसी कोने में ढकेल दिया जाता है। राघव कहता है 'प्रबंधन की नीति है', विवेक कहता है 'समाज के नियम स्वीकार करो'... सब अपनी-अपनी सुविधा की पट्टी बाँधे बैठे हैं। सब मौन हैं!

(अवंतिका पुस्तक को छाती से लगा लेती है, उसकी आवाज़ में एक तीखा आक्रोश और जिज्ञासा उभरती है)

क्या इतिहास कभी बदलता भी है? हस्तिनापुर की उस भरी राजसभा में भी तो ज्ञानी, महाबली और अपने कहलाने वाले सब मौन थे! जब द्रौपदी के प्रश्नों पर सन्नाटा छा गया था, जब अभिमन्यु को सातों महारथियों ने घेरकर चक्रव्यूह में छला था, और जब गांधारी ने न्याय देखने के बजाय अपनी आँखों पर पट्टी बाँध ली थी... क्या वह सब आज भी इस कॉरपोरेट कुरुक्षेत्र में नहीं दोहराया जा रहा?

काश! काश महाभारत के वे पन्ने केवल इतिहास न होते... काश आज कुरुवंश की वे स्त्रियाँ यहाँ होतीं और मुझे बतातीं कि जब अपनों की नीति और समाज की कूटनीति तुम्हें छलने लगे, तो इस मानसिक चीरहरण से अपनी आत्मा को कैसे बचाया जाता है!

(माता कुंती और गांधारी का भव्य प्रवेश होता है।)

कुंती: (धीर-गंभीर और करुणामयी आवाज़ में)

तुम्हारी यह पुकार पन्नों को चीरकर बाहर आ गई, अवंतिका! इतिहास के पृष्ठ कभी मृत नहीं होते... वे हमारी और आपकी जैसी पीड़ित पर संघर्षरत स्त्रियों के अनुभवों में सदा जीवित रहते हैं।

अवंतिका:(चौंककर पुस्तक हाथ से छूटते-छूटते बचती है, पीछे हटते हुए) आप... माता कुंती? और आपके साथ... गांधारी जी? क्या मेरी व्याकुलता इतनी बढ़ गई है कि मुझे भ्रम हो रहा है?

(अवंतिका की दिशा में हाथ बढ़ाते हुए, अपनी पट्टी की ओर संकेत करती है)

गांधारी: यह कोई भ्रम नहीं है, पुत्री! जब तुमने कहा कि 'सब अपनी-अपनी सुविधा की पट्टी बाँधे मौन बैठे हैं', तो मेरा युगों पुराना पश्चाताप मुझे शांत न रख सका। जिस मौन और आँखों की पट्टी ने हस्तिनापुर का सर्वनाश किया था, आज वही मौन तुम्हारे विवेक और राघव का रूप लेकर तुम्हारे आत्मसम्मान का चीरहरण कर रहा है।

अवंतिका: मुझे क्षमा करें, परंतु मैं सचमुच बहुत बड़े संकट में हूँ। मैं समझ नहीं पा रही कि इस आधुनिक व्यवस्था में, जहाँ हर मोर्चे पर एक नई राजनीति है, मैं अपने आत्मसम्मान को कैसे बचाऊँ?

कुंती: संकट हर युग में रहे हैं, अवंतिका। मेरा जीवन महलों में अवश्य बीता, परंतु मैंने कभी सुख का मुख नहीं देखा। राजा की पत्नी होने के बाद भी मुझे अपने पुत्रों के साथ वन-वन भटकना पड़ा। पग-पग पर लाक्षागृह जैसी साजिशें थीं, जहाँ हमें जीवित जलाने का प्रयास किया गया। परंतु मैंने कभी परिस्थितियों के आगे घुटने नहीं टेके। अकेले ही अपने पुत्रों को संस्कार दिए और समाज से लोहा लिया। आज की स्त्री जब छोटी-मोटी पारिवारिक या सामाजिक उलझनों से टूट जाती है, तो मुझे लगता है कि उसने अपने भीतर के धैर्य को पहचाना ही नहीं।

गांधारी: और मैंने, अवंतिका... मैंने समाज की मान्यताओं और पति के अंधमोह में अपनी आँखों पर जीवनभर पट्टी बांध ली। कुरुवंश की राजसभा में मैंने वह सब अनदेखा किया जो अधर्म था। परिणाम क्या हुआ? मेरी आँखों के सामने मेरे पूरे कुल का नाश हो गया। आज मैं आपके पास केवल यह कहने आई हूँ कि मेरी तरह अपनी आँखों पर पट्टी मत बांधना। जैसे आज आपका विवेक समाज और रिश्तों के डर से मौन रहने को कह रहा है, वैसे ही मैं भी चुप रही थी। यह सहनशीलता नहीं, कायरता है।

अवंतिका: आपकी बातें सत्य हैं। परंतु जब मैं मौन तोड़ती हूँ, तो रिश्ते बिखरने लगते हैं। लोग मुझसे विमुख हो जाते हैं। आप दोनों की बातें विरोधाभासी हैं। कुंती जी कहती हैं कि धैर्य रखो, परिस्थितियों का निर्माण करो। गांधारी जी कहती हैं कि मौन मत रहो, पट्टी हटाओ और विरोध करो। मैं दुविधा में हूँ। अगर मैं राघव की इस राजनीति का विरोध करने जाऊँ, तो मेरी नौकरी पर बात आती है। और अगर घर में विवेक से अपनी बात कहूँ, तो रोज़ का क्लेश बढ़ता है। आप ही बताइए, सामंजस्य कैसे बैठे?

गांधारी: सामंजस्य के नाम पर ही तो स्त्री सदियों से खुद को पीसती आ रही है, अवंतिका।

कुंती: गांधारी दीदी, आपकी परिस्थिति अलग थी। मैं सामंजस्य की नहीं, समय को पहचानने की बात कर रही हूँ। अगर मैं हस्तिनापुर की राजसभा में जाकर तुरंत युद्ध की घोषणा करती, तो क्या हमें न्याय मिलता? नहीं। मैंने सही समय की प्रतीक्षा की। जब बात सीमा पार कर गई, तब जो द्रौपदी के साथ हुआ...

(द्रौपदी का तीव्र प्रवेश होता है।)

द्रौपदी: मेरा नाम मत लीजिए, क्योंकि उस सभा में आप भी उपस्थित नहीं थीं। और बड़ी माँ, आपकी आँखों की पट्टी ने सिर्फ दुर्योधन को नहीं, भीष्म और द्रोणाचार्य जैसे ज्ञानियों को भी अंधा कर दिया था।

अवंतिका: द्रौपदी...

द्रौपदी: हाँ, अवंतिका। मैं वही द्रौपदी हूँ जिसके प्रश्नों का उत्तर आज तक इतिहास नहीं दे पाया। आप पूछ रही हैं न कि सामंजस्य कैसे बैठे? सामंजस्य वहाँ किया जाता है जहाँ सामने वाला आपकी गरिमा का सम्मान करता हो। जहाँ राघव जैसे लोग आपकी छह महीने की मेहनत को सिर्फ इसलिए छीन लें क्योंकि आप एक स्त्री हैं, वहाँ सामंजस्य का अर्थ आत्मसमर्पण होता है।

अवंतिका: मैं आपकी बात समझ रही हूँ। लेकिन आज की सच्चाई यह है कि अगर मैं आपके रास्ते पर चलूँ, विद्रोह करूँ, तो समाज मुझे अकेले छोड़ देता है। अकेले रहकर कोई कितनी दूर चल सकता है?

कुंती: यही तो मैं समझा रही हूँ, अवंतिका। विद्रोह अकेले नहीं होता। उसके लिए पीछे अपनों का साथ चाहिए।

द्रौपदी: कैसा साथ, माता जी? मेरे पास तो पाँच महाबली पति थे। समाज के सबसे शक्तिशाली लोग मेरे अपने थे। क्या हुआ था उस दिन? सबने सिर झुका लिए थे। जब स्त्री पर संकट आता है, तो उसके अपने भी नीति और नियमों की आड़ लेकर पीछे हट जाते हैं।

(सुभद्रा और उत्तरा का प्रवेश होता है।)

सुभद्रा: द्रौपदी, आपकी इस कुरुक्षेत्र की जिद ने जो आग लगाई, उसकी आंच में सिर्फ पापी दुर्योधन नहीं जला। उसमें मेरा अभिमन्यु भी जल गया। सुदूर कुरुक्षेत्र में जब युद्ध की घोषणा हुई, तो सबको लगा कि न्याय की स्थापना हो रही है। परंतु उस न्याय की वेदी पर जो सबसे बड़ी आहुति दी गई, वह मेरा पुत्र अभिमन्यु था। कृष्ण का भानजा, अर्जुन का पुत्र... पर चक्रव्यूह में वह अकेला था। जब सातों महारथी उस बालक पर टूट रहे थे, तब न कृष्ण वहाँ थे, न अर्जुन। एक माँ के रूप में मैंने जो खोया, उसकी भरपाई इतिहास का कोई पन्ना नहीं कर सकता।

अवंतिका: सुभद्रा जी... आपकी यह पीड़ा...

सुभद्रा: अवंतिका, मैं तुम्हें यह इसलिए बता रही हूँ क्योंकि आज तुम भी खुद को राघव के बनाए उसी चक्रव्यूह में अकेला पाती हो। जब कॉर्पोरेट की राजनीति तुम्हें घेरती है, तो तुम्हें लगता है कि तुम अकेली हो। मैंने अभिमन्यु को खोकर भी द्वारका और हस्तिनापुर को संभाला, क्योंकि टूटना समस्या का हल नहीं है।

उत्तरा: और मेरा विचार करो, अवंतिका। जब मेरे पति अभिमन्यु वीरगति को प्राप्त हुए, तब हमारी शादी को कुछ ही दिन हुए थे। मैंने तो संसार को, दाम्पत्य को ठीक से जाना भी नहीं था। चारों ओर केवल शोक था, वैधव्य का अंधकार था और मेरे गर्भ में कुरुवंश का अंतिम दीपक पल रहा था। अश्वत्थामा ने उस अजन्मे शिशु पर भी ब्रह्मास्त्र चला दिया था। तुम सोचती हो कि आज राघव ने जो तुमसे कहा कि 'कल को तुम्हारी संतान होगी तो तुम काम कैसे करोगी', यह समस्या बड़ी है? मुझे तो उस छोटी सी उम्र में मरे हुए लोगों के बीच रहकर एक आने वाले कल को जीवित रखना था।

अवंतिका: उत्तरा... तुम्हारी कहानी सुनकर मुझे अपने संकट बहुत छोटे लगने लगे हैं। मैं तो केवल एक प्रोजेक्ट न मिलने या विवेक के ताने सुनकर हार मान रही थी। तो फिर मैं क्या करूँ? मुझे कोई काल्पनिक समाधान नहीं चाहिए। मुझे बताइए कि कल सुबह जब मैं अपने दफ्तर जाऊँ, या शाम को अपने घर लौटूँ, तो मेरा व्यवहार कैसा होना चाहिए?

(पाँचों स्त्रियाँ गंभीर हो जाती हैं। श्रीकृष्ण का शांत प्रवेश होता है।)

कृष्ण: क्योंकि यह समाज आज भी स्त्री को उसकी शक्ति का अहसास नहीं होने देना चाहता, कुंती बुआ।

अवंतिका: आप...?

कृष्ण: मुझे कृष्ण कहते हैं, अवंतिका। परंतु आज मैं यहाँ किसी सुदर्शन चक्र के साथ नहीं आया हूँ। कुरुक्षेत्र का समय बीत चुका है। आज मैं यहाँ तुम्हारा 'सखा' बनकर आया हूँ।

अवंतिका: सखा...? क्या आप मुझे इस संकट से बाहर निकालेंगे? क्या आप राघव और विवेक की मानसिकता को बदल देंगे?

कृष्ण: नहीं, अवंतिका। यह कार्य मेरा नहीं है। कुरुक्षेत्र में भी मैंने अर्जुन के स्थान पर गांडीव नहीं उठाया था, मैंने केवल उसे उसका कर्तव्य स्मरण कराया था। आज की आधुनिक नारी को किसी ऐसे कृष्ण की आवश्यकता नहीं है जो आकर उसके शत्रुओं का संहार करे। आज तुम्हें एक ऐसे सखे की आवश्यकता है जो तुम्हारी बुद्धि को स्थिर कर सके। इन पाँचों स्त्रियों को देखो, अवंतिका। द्रौपदी का प्रश्न, गांधारी का आत्म-विश्लेषण, कुंती का प्रबंधन, सुभद्रा का साहस और उत्तरा की सृजनशीलता-यह सब तुम्हारे ही भीतर है। जब तुम दफ्तर जाओ, तो यह मत सोचो कि तुम एक अबला हो। तुम वहाँ अपनी योग्यता के कारण हो।

उत्तरा: सत्य है। कल सुबह जब तुम दफ्तर जाओगी, तो तुम्हें प्रतिशोध की भावना से नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प के साथ जाना होगा। विद्रोह का अर्थ केवल चिल्लाना या लड़ना नहीं होता। विद्रोह का अर्थ यह भी होता है कि हम किसी के गलत व्यवहार को स्वीकार ही न करें। जब राघव तुम्हारे काम को कमतर आंके, तो उसी क्षण अत्यंत शांत परंतु दृढ़ स्वर में अपनी आपत्ति दर्ज कराओ। बिना डरे, बिना हिचकिचाए। आपकी आँखों की वह दृढ़ता ही सामने वाले को पीछे हटने पर विवश कर देगी।

सुभद्रा: बिल्कुल। और घर लौटकर जब तुम परिवार की अपेक्षाओं के बोझ तले दबने लगो, तो विवेक से संवाद करो। त्याग केवल स्त्री का ही कर्तव्य नहीं है। उन्हें समझाओ, उनसे बात करो।

कुंती: संक्षेप में कहें तो, तुम्हें कुंती का धैर्य, गांधारी का आत्म-विश्लेषण और द्रौपदी का स्वाभिमान एक साथ अपनाना होगा।

द्रौपदी: और इन सब से बढ़कर, किसी बाहरी 'कृष्ण' के आने की प्रतीक्षा छोड़नी होगी।

अवंतिका: मैं समझ गई, सखे। कुरुक्षेत्र बाहर के मैदान में नहीं, मेरी सोच में था। अब तक मैं दूसरों से न्याय की भीख मांग रही थी। जब मुझे सहना होगा, मैं कुंती की तरह धैर्य रखूँगी; जब मुझे गलत को रोकना होगा, मैं गांधारी की तरह पट्टी हटाकर देखूँगी; जब मर्यादा पर बात आएगी, मैं द्रौपदी की तरह प्रश्न करूँगी; और जब विपरीत परिस्थितियों में बिखरने का संकट होगा, तो मैं सुभद्रा और उत्तरा की तरह शून्य से नया सृजन करूँगी। अब मैं अपनी योग्यता, अपनी शिक्षा और अपने अधिकारों के बल पर अपनी जगह स्वयं बनाऊँगी। मुझे किसी चमत्कार की प्रतीक्षा नहीं है। मैं स्वयं अपनी सारथी हूँ।

(कृष्ण और बाकी पाँचों पात्र अवंतिका को गर्व से देखते हैं और मंच के पीछे विलीन हो जाते हैं। अवंतिका चौंककर वर्तमान में लौटती है। तभी राघव और विवेक दोबारा प्रवेश करते हैं।)

राघव: तो अवंतिका, जैसा कि मैंने पहले कहा... सौरभ इस अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट को लीड करेगा। आप अपनी सारी रणनीतियाँ और फाइलें आज शाम तक उसे सौंप दीजिए। कंपनी का हित इसी में है।

विवेक: हाँ अवंतिका, मान जाओ। राघव ठीक ही कह रहे हैं। समाज और परिवार के नियमों के साथ थोड़ा सामंजस्य करना सीखो। व्यर्थ का क्लेश बढ़ाने से क्या लाभ?

(अवंतिका बहुत धीरे से उठती है। राघव की आँखों में सीधे देखती है।)

अवंतिका: राघव, सौरभ इस प्रोजेक्ट को लीड नहीं करेगा।

राघव: (अचरज से) क्या? लेकिन प्रबंधन का निर्णय...

अवंतिका: प्रबंधन को निर्णय लेने के लिए आधी-अधूरी जानकारी दी गई है, राघव। इस प्रोजेक्ट की सफलता के पीछे मेरी छह महीने की दिन-रात की मेहनत और क्लाइंट के साथ मेरा व्यक्तिगत तालमेल है। सौरभ इस रणनीति की बारीकियों को नहीं समझता। यदि आप मेरी 'उपलब्धता' पर प्रश्न उठा रहे हैं, तो मैं आपको स्मरण करा दूँ कि पिछले तीन महीनों में जितने भी अंतरराष्ट्रीय क्लाइंट्स से बात हुई है, वे सब हमारे समय क्षेत्र के अनुसार देर रात को ही हुई हैं, और वे सारी बैठकें मैंने सफलतापूर्वक पूरी की हैं। तब मेरी पारिवारिक स्थिति आड़े नहीं आई, तो आज पदोन्नति के समय क्यों? मेरी योग्यता और मेरी कर्मठता ही मेरी उपलब्धता का प्रमाण हैं, राघव। यदि प्रबंधन को मेरे स्त्री होने से कोई संकट है, तो मैं यह बात सीधे देश के निदेशक और मानव संसाधन विभाग के सम्मुख तर्कों और आंकड़ों के साथ रखने के लिए पूरी तरह तैयार हूँ। आप फाइलें सौरभ को सौंपने का निर्णय बदल सकते हैं।

(राघव बिना कुछ बोले, अपनी फाइल समेटता है और चुपचाप मंच से बाहर चला जाता है।)

विवेक: अवंतिका... तुम यह क्या कर रही हो? बात बहुत बढ़ जाएगी। समाज क्या कहेगा? रिश्ते बिखर जाएंगे...

अवंतिका: विवेक, रिश्ते कभी सच बोलने से नहीं बिखरते। रिश्ते तब बिखरते हैं जब एक पक्ष को लगातार अपनी गरिमा का बलिदान देना पड़े। समाज के जिन नियमों की दुहाई तुम दे रहे हो, वे नियम स्त्री को केवल सहना सिखाते हैं। तुम मेरे अपने हो विवेक, आज तुम्हें तय करना होगा कि तुम इस अन्याय में राघव के मौन भागीदार बनोगे, या अपनी पत्नी के स्वाभिमान के सारथी बनोगे?

विवेक: (गहरी सांस लेकर) मुझे क्षमा करना, अवंतिका। मैं अब तक गलत था। तुम अपनी लड़ाई में अकेली नहीं हो। मैं तुम्हारे साथ हूँ।

विवेक मुस्कुराता है और आदरपूर्वक मंच के एक ओर से निकल जाता है। अवंतिका अकेली है। वह एक लंबी और गहरी सांस लेती है। चेहरे पर एक गहरी विजय की शांति है।)

सूत्रधार: कुरुक्षेत्र का युद्ध केवल एक बार नहीं होता। वह हर युग में, हर दिन, हर व्यक्ति के भीतर लड़ा जाता है। और जब स्त्री स्वयं अपनी सारथी बन जाती है, तो न्याय की विजय निश्चित होती है।

About the Competition

The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar is a prestigious event celebrating diverse voices in literature. It provides a platform for writers from various backgrounds to express their creativity and share unique perspectives through storytelling and poetry, fostering a vibrant literary community.

We extend our heartfelt thanks to Madhu Gupta for sharing her thought-provoking play "युग युगांतर - स्त्री का कुरुक्षेत्र" with us. Her participation in the Poetry and Creative Writing Competition 2026 enriches the dialogue on gender dynamics and personal empowerment. We look forward to more contributions from her in the future.

About Hashtag Kalakar

Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.

 
 
 

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page