पानी : रिटर्न टू रूट्स - By Prabhat Khulbe
Written By: Prabhat Khulbe
Category: Short Story
Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026
In the vibrant landscape of the Poetry and Creative Writing Competition 2026 hosted by Hashtag Kalakar, Prabhat Khulbe presents a compelling short story titled "पानी : रिटर्न टू रूट्स." Set against the backdrop of rural India, this narrative delves into themes of identity, responsibility, and the dichotomy of progress and tradition. Through his evocative storytelling, Prabhat Khulbe takes readers on a journey through the challenges and introspections faced by individuals in the rapidly changing socio-economic fabric.
About the Work
"पानी : रिटर्न टू रूट्स" by Prabhat Khulbe captures the essence of rural life in India, juxtaposed with the modern aspirations of its protagonist, Dinesh. The story unfolds with vivid imagery, portraying the stark realities and emotional struggles of a man caught between his urban achievements and the call of his ancestral roots. The narrative is rich with cultural nuances and highlights the enduring conflict between personal ambition and communal obligations.
पानी : रिटर्न टू रूट्स
Original Submission by Prabhat Khulbe
अध्याय 1
उत्तराखंड (तब उत्तरांचल) राज्य बने अभी चार साल ही बीते थे, तिवारी सरकार की सिडकुल योजनाओं से मैदानी इलाकों की किस्मत तो चमक रही थी, लेकिन पहाड़ों की ढलानों पर पलायन के पदचिह्न गहरे होते जा रहे थे।
दिल्ली की चकाचौंध के बीच दिनेश के पास वह सब था, जिसका लोग सपना देखते हैं—जल मंत्रालय में एक प्रतिष्ठित पद, शानदार सरकारी बंगला और रसूख वाली गाड़ी। लेकिन इस रूतबे के बावजूद, वह भीतर से खुद को हारा हुआ महसूस करता था। उसका मन रह-रहकर अपने पैतृक गांव की ओर उड़ जाता—बचपन की वह ताजी हवा, मां की गोद में सुनी लोककथाएं और पिता के साथ खेतों में बिताई शामें... सब धुंधली पड़ चुकी थी।
गांव का पिछड़ापन अब असहनीय हो चुका था। पक्की सड़क का न होना और बाहरी दुनिया से कटाव की अंतहीन समस्या से तंग आकर, दिनेश ने एक कठोर निर्णय ले लिया था। वह अपनी उस पैतृक जमीन को बेचने का मन बना चुका था, जो कभी उसके पूर्वजों के पसीने और मेहनत की गवाह रही थी।
अध्याय 2
साल 2004 की एक सुबह अपने साथ उम्मीदों की एक नई किरण लेकर आई थी। रेडियो पर गूँजती खबरों ने उत्साह भर दिया। उद्घोषक की आवाज़ गूँजी—"भारत सरकार 'राजीव गांधी राष्ट्रीय पेयजल मिशन' के अंतर्गत देश के कोने-कोने में बिखरी जल योजनाओं को एक सूत्र में पिरोने जा रही है।”
उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ों में बसे गाँव 'खिमोला' के लिए यह खबर किसी वरदान से कम नहीं थी। गाँव की पुरानी पाइपलाइन जगह-जगह से गल चुकी थी। गंदा पानी रिसाव के जरिए नलों तक पहुँच रहा था, जिससे घर-घर में बच्चे बीमार पड़ रहे थे। परेशान ग्रामीण शिकायत लेकर सरपंच के पास पहुँचे। वहाँ "सरपंच पति" (जो पत्नी के निर्वाचित होने के बावजूद असल प्रशासनिक सत्ता संभाल रहा था) ने हवा में एक सरकारी पत्र लहराते हुए आत्मविश्वास से कहा, "धीर धरो भाइयों! समस्या के समाधान के लिए सरकार का एक बड़ा अफसर बहुत जल्द हमारे गाँव पहुँचने वाला है।” इसी बीच, विभाग ने दिनेश को 'पेयजल मिशन' का प्रभारी बनाकर 'खिमोला' भेजने का आदेश जारी कर दिया। नियति ने उसे अपने गाँव से महज़ कुछ पहाड़ियाँ दूर ही एक सरकारी मिशन पर तैनात कर दिया था—एक तरफ अपनी जड़ों को काटने की तैयारी थी, तो दूसरी तरफ पड़ोस के गाँव की जड़ों में पानी पहुँचाने की जिम्मेदारी।
दिनेश उत्तरांचल परिवहन की रोडवेज बस की खिड़की वाली सीट पर बैठा था। बस के भीतर माहौल गमगीन था; यात्रियों के बीच टिहरी के पुराने शहर के जलमग्न होने और सुरंग धंसने की त्रासदी की चर्चाएं चल रही थीं। दिनेश ने इन बातों से ध्यान हटाकर खिड़की से बाहर की ओर देखा। खिड़की से आती पहाड़ की सर्द हवा उसके चेहरे को सहला रही थी, दूर सीढ़ीदार खेतों में महिलाएं सिर पर 'गजी' (घास के भारी गट्ठर) लादे खड़ी चढ़ाई चढ़ रही थीं। जैसे-जैसे बस घुमावदार रास्तों पर आगे बढ़ रही थी, एक तरफ आसमान छूते ऊंचे पहाड़ थे और दूसरी तरफ गहरी, शांत घाटियां। प्रकृति का यह मनोरम दृश्य और पहाड़ों का मौन दिनेश के अशांत मन को एक अजब सी शांति दे रहा था।
अध्याय 3
विशाल बरगद के पेड़ की घनी छाया तले धूल भरी पंचायत का आँगन फैला था। पास ही पुरानी साइकिलों का अंबार लगा था, जो एक-दूसरे के ऊपर झुकी हुई स्टैंड पर खड़ी थीं। नीचे बिछी पुरानी, जगह-जगह से फटी और धूल भरी दरी पर गाँव के लोग बैठे हुए थे।
चौपाल के चबूतरे पर लकड़ी की ऊँची पटिया पर सरपंच अन्य पंचायत सदस्यों के साथ बैठे थे। उनके बीच एक नई चमकती प्लास्टिक की कुर्सी पर दिनेश सफेद शर्ट में थोड़ा असहज होकर नोटपैड लिए बैठा था।
सरपंच जी आज कुछ ज्यादा ही जोश में थे। उन्होंने हाथ हवा में लहराते हुए दिनेश की ओर इशारा कर ऊँची आवाज़ में कहा, "भाइयों और बहनों! दिल्ली वाले साहब, हमारे दिनेश बाबू, गांव का भाग्य बदलने आए हैं! इनका लक्ष्य है मुख्य पाइपलाइन बिछाकर पानी सीधे पब्लिक स्टैंडपोस्ट तक पहुँचाना। अब दूर नहीं जाना होगा, पाइप आएगा, नौलों तक पानी आएगा!" सरपंच के इस शोर के बीच ग्रामीणों की आँखों में वर्षों का सूखा और गहरा संदेह साफ़ झलक रहा था। उन्हें लगा यह भी किसी पिछली सरकारी योजना की तरह सिर्फ 'कागजी' होगी। भीड़ में से एक जर्जर बुजुर्ग लाठी के सहारे दिनेश के पास आए और बोले, "साहब, हमारे गाँव में बादल तो सिर के पास से गुजरते हैं, पर पानी मीलों दूर है। हमें अब उम्मीदों से डर लगता है।” बुजुर्ग की बात में छिपे दर्द ने दिनेश को निरुत्तर कर दिया।
भीड़ छटने लगी, तभी, किनारे खड़ी एक युवती हिम्मत जुटाकर आगे आई। उसने हिचकिचाते हुए सरपंच से कहा, "सरपंच जी, क्या मुझे अगले हफ्ते गाँव में एक 'HIV जागरूकता शिविर' लगाने की अनुमति मिल सकती है?” सरपंच के चेहरे का रंग एकाएक बदल गया। उन्होंने ऊंचे स्वर में, लगभग उसे डांटते हुए कहा, "देख नेहा! पढ़-लिख गई है इसका मतलब ये नहीं कि मर्यादा भूल जाए। ऐसी बातें करके क्यों अपना और गाँव का नाम खराब करना चाहती है? यहाँ बहू-बेटियां हैं, छोटे बच्चे हैं... उन पर क्या असर पड़ेगा इन सब बातों का? कुछ तो लोक-लाज रख!” सरपंच के साथ बैठे पंचों ने भी अपनी फटी दरियों से उठते हुए जोर-जोर से समर्थन में सिर हिलाया। निराश होकर नेहा बिना कुछ कहे वहां से मुड़ गई। उसके जाते ही सरपंच अपने साथियों की ओर झुके और फुसफुसाते हुए बोले, "शहर की हवा लग गई है इसे! भला ऐसी बातें कोई खुलेआम करता है? लोगों को बीमारी नहीं, मनोरंजन चाहिए। ऐसा करते हैं, कोई जादू का शो करवाते हैं! क्या कहते हो?" सदस्य खिलखिलाकर हंस पड़े। "बिल्कुल सरपंच जी! इससे आपका नाम भी होगा और अगले साल चुनाव में वोट पक्के हो जाएंगे!” पास खड़ा दिनेश यह सब देख रहा था। उसके चेहरे पर नेहा के प्रति सहानुभूति और सरपंच की सोच पर एक गहरी चिंता साफ़ दिख रही थी।
अध्याय 4
दिनेश को गांव पहली नजर में पिछड़ा लगा। चारों ओर मिट्टी और चूने से पुते कच्चे मकान जहां बिजली गिने-चुने घंटों के लिए आती और फिर लंबे समय के लिए गायब हो जाती। गाँव की प्रगति के नाम पर कुछ घरों की छतों पर टीवी के एंटीना और कमरों में पुराने लैंडलाइन फोन नज़र आते थे। बुनियादी सुविधाओं की हालत यह थी कि अधिकांश घरों में शौचालय तक नहीं थे। घर-घर में पेट की बीमारियाँ आम थीं और टीवी पर वही पुराने HIV और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता के घिसे-पिटे संदेश चलते थे जो यहाँ के लोगों के लिए केवल 'परदे की बातें' थीं। गांव के सीधे-सादे लोग दिनेश को 'शहर का बड़ा अफसर' मानकर सिर झुकाकर उसे विशेष सम्मान दिया करते।
एक दिन, गांव के छोटे से बच्चे हीरा के साथ भ्रमण करते हुए दिनेश गांव के छोटे से औषधालय (डिस्पेंसरी) पहुँचा। बाहर से सफेद दिखने वाली इमारत के करीब जाते ही उसकी बदहाली साफ़ दिखने लगी। दरवाज़े की पुरानी लकड़ी दीमकों की भेंट चढ़ चुकी थी। भीतर कदम रखते ही सीलन और दवाइयों की मिली-जुली एक अजीब सी गंध ने दिनेश का स्वागत किया।
दिनेश की नज़र उसी युवती पर पड़ी, जिसे उसने पंचायत में सरपंच से HIV जागरूकता शिविर लगाने की अनुमति मांगते देखा था। दिनेश ने उत्सुकता से पूछा, "हीरा, ये कौन हैं?" हीरा ने गर्व से बताया, "वो डॉक्टर मैडम हैं! इसी गांव की बेटी हैं। डॉक्टरी की पढ़ाई की और यहीं पोस्टिंग ले ली।" नेहा उस वक्त गांव की महिलाओं को शिशुओं के टीकाकरण का महत्व समझा रही थी। दिनेश ने आगे बढ़कर उनसे मुलाकात की और उनके HIV शिविर के विचार की सराहना की। नेहा ने फीकी मुस्कान के साथ कहा, "धन्यवाद, पर लोग सुनने को तैयार ही नहीं हैं... क्या फायदा?"
दिनेश ने विश्वास के साथ कहा, "कोई है जो आपकी मदद कर सकता है…”
अगले दिन गांव के सरकारी स्कूल का वार्षिक महोत्सव था। पूरा गांव उमड़ पड़ा था। दिनेश, हीरा और उसके साथी दोस्तों ने नेहा के मार्गदर्शन में एक भावनात्मक नाटक तैयार किया। मंच पर बच्चे अभिनय कर रहे थे— एक लड़का अपनी मां को खोते दिखा, जो 'अज्ञात बीमारी' से मरी। डॉक्टर का किरदार बोला, "ये HIV है, यह साथ खाने या बैठने से नहीं फैलती। सुई साझा न करें और खून की जांच कराएं—यही जान बचा सकता है!” पूरा पंडाल सन्न रह गया। मंच पर मौजूद बच्चे ने रोते हुए कहा, "मेरी मां चली गई, क्योंकि किसी ने हमें जागरूक नहीं किया।” यह सुनकर सरपंच का चेहरा सफेद पड़ गया और कई महिलाओं की आंखें भर आईं। जैसे ही नाटक खत्म हुआ, सन्नाटा तालियों की गड़गड़ाहट में बदल गया। नेहा मंच पर आईं और बोली, “HIV शर्म की बात नहीं है, सही जानकारी ही इसका एकमात्र बचाव है।”
नाटक सफल रहा। नेहा ने कृतज्ञता से दिनेश की ओर देखा और शुक्रिया कहा। दिनेश के चेहरे पर एक संतोष भरी मुस्कान तैर गई।
अध्याय 5
अगले कुछ दिनों में दिनेश 'राजीव गांधी राष्ट्रीय पेयजल मिशन' का ब्लूप्रिंट हाथ में लिए सरपंच और ग्रामीणों के साथ गांव का मुआयना करने लगा। उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती यहाँ का भूगोल था—कहीं सीना ताने खड़ी चट्टानें रास्ता रोकती थीं, तो कहीं पुरानी जर्जर पाइपलाइनों का उलझा हुआ जंजाल। नीचे घाटी में नदी बहती दिख रही थी, लेकिन उसे ऊंचाई पर बसे इस गाँव की मुख्य पाइपलाइन से जोड़ना किसी तकनीकी चमत्कार जैसा कठिन था।
रास्ते में दिनेश की नज़र उन औरतों पर पड़ी जो सीधी खड़ी चढ़ाई चढ़ रही थीं। उनके चेहरों पर थकान की गहरी लकीरें थीं और सिर पर भारी गगरियाँ। पूछने पर पता चला कि गाँव में साफ पानी का एकमात्र सहारा आधा किलोमीटर दूर स्थित 'नौला' था, जो अब 'स्लिप्ड बैक' यानी सूखने की कगार पर पहुँच चुका था। पुरानी पाइपलाइन से जो थोड़ा-बहुत पानी आता भी था, वह अब पीने लायक नहीं बचा था। तभी दिनेश की नज़र उनकी धूल से भरी फटी एड़ियों पर पड़ी जो चीख-चीख कर उनके रोज़ाना के संघर्ष की दास्तान सुना रही थीं। वह मंजर देख दिनेश के मन में एक अजीब सी कसक उठी।
शाम ढली तो हीरा के आग्रह पर दिनेश रामलीला देखने पहुँचा। खुले मैदान में मंच सजा था। जब मंच पर राम के वनवास का दृश्य आया, तो दिनेश को लगा जैसे वह उस गाँव के अपने ही संघर्ष का प्रतिबिंब देख रहा हो। उसे महसूस हुआ कि शहर के वैभव को पीछे छोड़, इन पथरीले रास्तों और अभावों के बीच वह भी तो एक 'वनवास' ही काट रहा है—जहाँ चुनौती सिर्फ पानी की नहीं, बल्कि खुद को साबित करने की भी थी।”
अगले कुछ दिनों तक गाँव की बाखलियों में सिर्फ पानी की ही चर्चा रही। सरपंच हर मौके पर सारा श्रेय बटोरने की जुगत में रहता। वह ग्रामीणों के बीच ऊँची आवाज़ में कहता, "अरे भाई, ये सब ऐसे ही नहीं हुआ! मैंने दिल्ली तक हाथ-पांव मारे, तब जाकर साहब यहाँ आए हैं।”
अध्याय 6
अपने काम के साथ-साथ दिनेश गांव वालों के साथ जिंदगी के कुछ सुकून भरे पल बिताने लगा। एक शाम गांव की शादी में गया, जहां लाल-पीले चटक कपड़े पहने नर्तको को उत्तराखंड का पारंपरिक छोलिया नृत्य करते देख उसका मन उत्साह से भर उठा। जब एकदिन उसने गांव वालों के साथ बैठकर चूल्हे पर बनी मंडुए की रोटी खाई, तो उस सोंधी खुशबू ने उसे याद दिलाया कि 'प्रगति' की चकाचौंध में उसने अपनी जड़ें कितनी पीछे छोड़ दी थीं।
पहाड़ की एक ढलती शाम में बुरांश के फूल सूर्यास्त की लालिमा में चमक रहे थे। दिनेश अपने दिन भर के सर्वे की फाइलें दबाए, थके कदमों से अपने कमरे की ओर लौट रहा था। तभी नेहा दिखी, टीकाकरण किट कंधे से लटकाए, गांव के रास्ते से लौट रही थी। "अरे, नेहा जी!" दिनेश ने रुकते हुए कहा। "नमस्ते दिनेश जी। आज सर्वे पूरा हो गया?" नेहा ने मुस्कुराकर पूछा। “नहीं, अभी कुछ समय और लगेगा। चलिए, साथ चलते हैं," दिनेश ने कहा और दोनों मौन साथ चल पड़े। दिनेश ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा, "नेहा जी, आपका नाटक देखा तो महसूस हुआ कि पानी की तरह स्वास्थ्य भी हमारी अपनी ही जिम्मेदारी है।" नेहा ने उसकी ओर देख कर मुस्कुराते हुए कहा, "आपकी योजना ने मुझे हौसला दिया, दिनेश जी। सच कहूं तो गांव वालों को आपसे बहुत उम्मीदें हैं।"
रास्ते में निचले छोर पर पहुँचते ही दोनों ने देखा—'पब्लिक नौले' पर कुछ लोग पानी भर रहे थे और उनसे थोड़ी दूर कुछ महिलाएं और बच्चे खड़े थे। जैसे ही उनमें से एक महिला आगे बढ़ी, एक आदमी उन पर चिल्लाया—"पीछे हटो! हम भर लेंगे पहले। तुम्हारी बारी बाद में!" महिला सिर झुकाकर पीछे हट गई, उसके चेहरे पर अपमान की गहरी लकीरें साफ दिख रही थीं। नेहा ने गहरी साँस ली और फुसफुसाई, "दिनेश जी, पानी तो सबका है, फिर यह भेदभाव क्यों?" दिनेश चुप रहा और उसने महसूस किया कि यह भेदभाव पानी की प्यास से भी ज्यादा कड़वा था।
अध्याय 7
एक दोपहर, दिनेश सरपंच और कुछ गांव वालों के साथ ऊबड़-खाबड़ रास्तों की पैमाइश और पत्थरों के बीच रास्ता खोज रहा था। रास्ते में सरपंच भागीरथ और गंगा की पौराणिक कथा सुनाएगा। हमारे भागीरथ तो आप ही हो दिनेश बाबू…सरपंच हँसकर बोला। तभी दिनेश ने देखा की एक बुजुर्ग महिला पानी से भरी भारी गगरी उठाने की कोशिश में लड़खड़ा रही है। बिना एक पल गंवाए, दिनेश आगे बढ़ा और उनके हाथों से गगरी थाम ली। जब वह गगरी लेकर उनके घर तक पहुँचा, तभी, उस बुजुर्ग महिला ने अपने सिर से पल्लू हटाया। दिनेश ने देखा कि तांबे-पीतल की भारी गगरियां ढोते-ढोते उनके सिर के बीचों-बीच के बाल पूरी तरह गायब हो चुके थे और वहां घाव के गहरे निशान थे। यह देख दिनेश की आंखें नम हो गईं—उसे अहसास हुआ कि जिस पानी और रास्ते को वह अब तक सिर्फ एक 'प्रोजेक्ट' समझ रहा था, वह इन लोगों के लिए जीवन भर का संघर्ष था।
एक शाम पगडंडी से गुजरते हुए दिनेश की नज़र नेहा पर पड़ी, जो कुछ मजदूरों के साथ मिलकर बस्ती के मोड़ पर सोलर लाइट लगा रही थी। उत्सुकता में उसने पूछ लिया, "नेहा जी, यह सब क्यों?” नेहा ने सहजता से उत्तर दिया, "दिनेश जी, हम इसी मिट्टी में जन्मे हैं और इसी पर जी रहे हैं। अगर अपनी जड़ों के लिए ही कुछ न किया, तो यह जीवन बोझ लगने लगेगा। देखिए, ये बच्चे आज भी उसी लालटेन की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं, जिसे मैं बरसों पहले छोड़कर गई थी।” नेहा की बातें दिनेश के सीने में किसी तीर की तरह चुभीं। उसे ग्लानि महसूस हुई कि जहाँ एक तरफ वह अपने पैतृक गांव की जमीन बेचने की कोशिश कर रहा था वहीं दूसरी तरफ नेहा थी जिसके मन में अपनी जमीन और मिट्टी के प्रति इतना गहरा लगाव था।
अध्याय 8
हफ्तों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार दिनेश का सर्वे पूरा हुआ। पंचायत की मीटिंग बुलाई गई। दिनेश ने जैसे ही मेज पर नीले रंग का बड़ा सा नक्शा फैलाया, पूरे कमरे में एक अजीब सी हलचल मच गई। ग्रामीण अपनी फटी दरियों से उठकर नक्शे के चारों ओर ऐसे घिर गए जैसे किसी खजाने का मानचित्र देख रहे हों। वही बुजुर्ग, जो अक्सर चुपचाप कोने में बैठते थे, उन्होंने कांपते हाथों से अपना पुराना, मोटा चश्मा निकाला, उसे अपनी धोती के कोने से सावधानी से साफ किया और झुककर नक्शे की रेखाओं को पढ़ने की कोशिश करने लगे। पास ही खड़ा छोटा हीरा अपनी नन्हीं उंगली नक्शे पर सरकाते हुए चिल्लाया, "साहब! ये रहा हमारा स्कूल... और ये देखो, इसके पीछे मेरा घर है! क्या पाइप यहाँ से भी गुजरेगा?" हीरा की मासूमियत देख ग्रामीणों के चेहरों पर पहली बार एक सच्ची मुस्कान आई। दिनेश ने मुस्कुराते हुए सिर हिलाया और सबको विस्तार से समझाया, "देखिये, यहाँ से मुख्य पाइपलाइन आएगी और गाँव के इस पुराने चौक पर आपका 'पब्लिक स्टैंड पोस्ट' बनेगा।"
तभी दिनेश ने अपनी उंगली नक्शे के एक खास हिस्से पर रखी और गंभीर स्वर में बोला, "मगर एक समस्या है।" कैसी समस्या दिनेश बाबू? सरपंच ने पूछा। "मुख्य पाइपलाइन को जिस ढलान से गुजारना सबसे आसान और सही है, वह ज़मीन अनुसूचित बस्ती (दलित बस्ती) के अंतर्गत आती है। अगर वे अपनी ज़मीन से पाइप ले जाने की अनुमति नहीं देंगे, तो मुख्य गाँव तक पानी पहुँचना नामुमकिन होगा।" दिनेश ने जवाब दिया। पूरे कमरे में सन्नाटा पसर गया। वही लोग जो कल तक उन्हें दुत्कार रहे थे, अब एक-दूसरे का मुँह ताकने लगे। सरपंच सकपका गया, "पर साहब... क्या कोई और रास्ता नहीं है?" दिनेश ने नक्शे से नज़रें उठाईं और खामोश खड़े गांव वालों की आंखों में सीधे देखते हुए एक सधी हुई, भारी आवाज़ में कहा— "पानी की कोई जात नहीं होती। जब कुदरत प्यास में फर्क नहीं करती, तो आप कौन होते हैं ऊँच-नीच की दीवारें खड़ी करने वाले? अगर प्यास एक है, तो रास्ता भी एक ही होगा। अब फैसला आपका है — जाती चाहिए या पानी?"
मीटिंग में सन्नाटा छा गया। सरपंच का चेहरा तमतमा उठा, लेकिन तभी भीड़ में कुछ युवा और बुजुर्गों ने आगे बढ़कर कहा, "साहब सही कह रहे हैं। पानी जीवन है, ऊँच-नीच का नहीं।" पास खड़ी नेहा ने उसका हौसला बढ़ाते हुए कहा, "आप हार मत मानिए दिनेश जी, हम सब आपके साथ हैं।" यह सुनते ही ग्रामीणों की आँखों में एक नई चमक आ गई। उनके लिए यह सिर्फ कोई सरकारी प्रोजेक्ट नहीं था, बल्कि मीलों दूर गधेरों से सिर पर पानी ढोने की मजबूरी से आज़ादी का सपना था—और अब जाति की बेड़ियों से मुक्ति की भी।
अध्याय 9
गांव की धमनियों में पानी लाने का संकल्प अब रफ्तार पकड़ चुका था। पहाड़ों की खामोशी कंप्रेसर मशीनों की गूँज से टूटने लगी। ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर खच्चरों की पीठ पर लदे लोहे के भारी पाइप आने लगे। एक तरफ मजदूर पसीने में तरबतर खुदाई कर रहे थे, तो दूसरी तरफ दिनेश धूल और धूप की परवाह किए बिना मुस्तैदी से साइट का मुआयना कर रहा था। पास ही बैठा बुजुर्ग— जो लाठी के सहारे पंचायत में आया था जिसने दिनेश से कहा था, "साहब, बादल तो सिर के पास से गुजरते हैं, पर पानी मीलों दूर है"—अपनी धुंधली आंखों से यह सब देख रहा था। उसने मन ही मन सोचा, "पानी के लिए यह मिट्टी आज अपना खून बहा रही है।”
तभी एक शाम मौसम ने करवट ली। मूसलाधार बारिश के साथ पहाड़ दरकने लगे और भयंकर भूस्खलन हुआ। हफ्तों की मेहनत, बिछाई गई पाइपें और मजदूरों की उम्मीदें देखते ही देखते मलबे के नीचे दफन हो गईं। चीख-पुकार के बीच दिनेश ने एक मजदूर को तो धकेलकर बचा लिया, लेकिन एक भारी पत्थर खुद उसके कंधे पर आ गिरा। चोट गहरी थी—खरोंचें, दर्द और बहता खून। जब नेहा ने लालटेन की मद्धम रोशनी में दिनेश के घाव साफ किए, तो दिनेश दर्द से कराह उठा। "हाथ स्थिर रखिए दिनेश जी, संक्रमण फैल गया तो मुश्किल होगी," नेहा ने रुंधे गले से कहा। दिनेश ने मायूसी से पहाड़ की ओर देखा और बुझते स्वर में कहा, "यह चोट तो भर जाएगी नेहा जी, पर अगर इस बार भी गांव की प्यास न बुझी तो...?" उसकी आँखों में शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा गहरा मलबे में दबी मेहनत का दुख था।
अगली सुबह निराशा की जगह संकल्प ने ले ली। जब दिनेश खुद फावड़ा लेकर कीचड़ में उतरा तब उसे देख पूरे गाँव की चेतना भी जाग उठी और सब एक-एक कर बाहर आने लगे। सरपंच भी झिझकते हुए आगे बढ़ा और बोला,“दिनेश बाबू… हम भी अपने गाँव के लिए उतना ही सोचते हैं जितना आप। बस दिखावा और बातें ज़्यादा कर देते हैं। उसकी आवाज़ में अब वह पहले वाली कड़वाहट नहीं थी। सबने मिलकर मलबा हटाया। महिलाएँ कतार बनाकर एक-दूसरे को पत्थर पकड़ा रही थीं। तीन दिन अनवरत बीत गए थे। बीच-बीच में कोई बुजुर्ग ऊँची आवाज़ में 'जै बद्री विशाल' का जयकारा लगा देता, और थके हुए हाथों में फिर से जान आ जाती। चौथी सुबह जब कीचड़ में सने हाथों ने जब पाइप का एक सिरा दूसरे से मिलाया तो वह महज़ लोहे का जोड़ नहीं था, बल्कि अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए उस प्यास का अंत लिख रहे थे जिसने उनकी कई नस्लें उजाड़ दी थीं।
अध्याय 10
महीनों के कठिन परिश्रम के बाद, गाँव के चौक पर बने 'पब्लिक स्टैंड पोस्ट' के चारों ओर पूरा हुजूम उमड़ पड़ा था। जैसे ही दिनेश ने वाल्व घुमाया, पाइप के भीतर से एक अजीब सी 'फुफकार' सुनाई दी। वह पाइप में फंसी हवा के बाहर निकलने की आवाज़ थी। पूरा गाँव अपनी सांसें रोककर बुत बना खड़ा रहा—बुजुर्गों ने आँखें मूँद लीं और बच्चों की नज़रें नल के मुँह पर टिक गईं। वह 'फुफकार' कुछ सेकंड तक चली और फ़िर अचानक वह आवाज़ एक भारी गड़गड़ाहट में बदली और शुरुआती मटमैले पानी के बाद कांच सी निर्मल और ठंडे पानी की धार फुट पड़ी। देखते ही देखते पूरा गाँव उल्लास से भर उठा—कहीं खिलखिलाहट थी, तो कहीं आँखों में सुकून के आँसू। वही बुजुर्ग महिला—जिसके सिर के बीच घावों को देख दिनेश की आंखें नम हो गई थीं ने कांपते हाथों से दिनेश के पैर छुए और रुँधे गले से कहा, "साहब, ये पानी नहीं, हमारी ज़िंदगी है।" उनके घर के अंधेरे कोने में रखी वह पुरानी पीतल की गगरी अब बोझ ढोने के लिए नहीं, बल्कि बीते हुए कठिन संघर्षों की एक मूक गवाह बनकर रह गई थी।
अंततः, दिनेश ने अपने पैतृक गाँव की ज़मीन बेचने का इरादा बदल दिया। उसे अहसास हुआ कि जिस 'पिछड़ेपन' से वह अब तक भाग रहा था, असल में वही उसकी जड़ें और पहचान थी। गाँव की तस्वीर बदलने के संकल्प के साथ उसने 'प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना' के तहत गाँव को मुख्य मार्ग से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। अपनी ज़मीन का एक हिस्सा दान कर उसने उस सड़क की नींव रखी, जिसने न केवल गाँव को शहर से जोड़ा, बल्कि क्षेत्र के लिए विकास के बंद द्वार भी खोल दिए।”
About the Competition
The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar is a renowned platform celebrating literary creativity and expression. It invites participants from diverse backgrounds to showcase their work in categories including poetry, short stories, and essays. The competition aims to foster a rich tapestry of voices and perspectives, encouraging writers to explore and share their unique narratives.
We extend our heartfelt thanks to Prabhat Khulbe for his thought-provoking short story "पानी : रिटर्न टू रूट्स," submitted to the Poetry and Creative Writing Competition 2026. His work adds a meaningful layer to our understanding of cultural identity and social dynamics. We wish Prabhat continued inspiration and success in his literary journey.
About Hashtag Kalakar
Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.



Comments