नन्हा प्रताप - By Prabhat Khulbe
Written By: Prabhat Khulbe
Category: Short Story
Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026
Prabhat Khulbe, writing under the name "नन्हा प्रताप," brings forth a poignant narrative in the Short Story category of the Poetry and Creative Writing Competition 2026. His story, titled "नन्हा प्रताप," delves into the struggles and resilience of a young boy facing the harsh realities of life. Set against the backdrop of a bustling courtroom and a humble village home, this tale explores themes of hope and determination. Prabhat's narrative offers readers a compelling glimpse into the human spirit's ability to find light even in the darkest of times.
About the Work
"नन्हा प्रताप" is a story imbued with emotional depth and vivid imagery. The narrative begins in the corridors of a high court, weaving through the life of a young boy, Pratap, whose father faces a dire legal sentence. The story masterfully captures the contrasting worlds of a bustling city and a quiet village, reflecting the turbulence in Pratap's heart. Through simple yet powerful language, Prabhat Khulbe paints a picture of innocence and hope amidst adversity, highlighting the protagonist's unwavering resolve to change his family's fate.
नन्हा प्रताप
Original Submission by Prabhat Khulbe
अध्याय 1
दिवाली की छुट्टियों से पहले हाईकोर्ट में आज आख़िरी दिन था। प्रताप और उसकी माँ को पहुँचने में देर हो गई थी। तभी रिक्शेवाले ने कहा, “पुलिस वाले आगे नहीं जाने देते, यहीं उतर जाओ।” दोनों फाटक से थोड़ा पहले ही उतर गए। प्रताप ने माँ का हाथ थामा और वे दोनों कोर्ट की ओर बढ़ चले।
बाहर स्कूटरों और रिक्शों की भरमार थी। जगह-जगह कारें खड़ी थीं, जिनमें कुछ पुलिस की गाड़ियाँ भी थीं। हाईकोर्ट के विशाल परिसर के एक कोने में छोटे-छोटे डेस्कों पर टाइपिस्ट और पिटीशन लेखक बैठे थे। कुछ वकील चाय की चुस्कियों के साथ 2006 की क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी पर चर्चा कर रहे थे। मुख्य भवन के भीतर कई कोर्ट रूम थे। कहीं वकील अपने मुवक्किलों से बात कर रहे थे, तो कहीं लोग अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे थे। गलियारों में वकीलों की काली पोशाक और फाइलों का ढेर दिखाई दे रहा था। प्रताप माँ का हाथ पकड़े आगे बढ़ता गया। वह हर कोर्ट रूम के दरवाज़े की ओर उत्सुकता से झाँक रहा था। तभी उसकी नज़र परिसर के एक कोने में बने कैदी लॉक-अप पर पड़ी। वहाँ कई कैदियों के बीच उसके पिता भी खड़े थे। दोनों हाथों में हथकड़ियाँ थीं और हथकड़ियों के बीच से बंधी रस्सी को एक पुलिसकर्मी कसकर पकड़े हुए था। अपने पति को उस हालत में देखकर माँ ने तुरंत पल्लू का कोना दाँतों तले दबा लिया, ताकि सिसकी बाहर न निकल जाए। प्रताप बस अपने पिता को देखता रहा। कुछ देर बाद पुलिसकर्मी ने उन्हें कोर्ट रूम के भीतर ले जाने का इशारा किया। प्रताप और उसकी माँ भी बाहर से सुनवाई की आवाज़ें सुनने की कोशिश करने लगे। वकीलों की दलीलें चलती रहीं। कुछ देर बाद दरवाज़ा खुला और पुलिस वाले प्रताप के पिता को बाहर लेकर आए। माँ घबराकर हवलदार के पास पहुँची। “का बोले जज साहब?” हवलदार ने सपाट और कठोर आवाज़ में कहा, “सत्र न्यायालय की फ़ाँसी की सज़ा को हाईकोर्ट ने भी बरकरार रखा है।” माँ के चेहरे का रंग उड़ गया। प्रताप के पिता की आँखों में कोई पश्चाताप नहीं था, सिर्फ़ गहरी लाचारी थी। “बस एक वार... पैसे के लिए,” उन्होंने मन ही मन सोचा। तभी भीतर से घंटी बजी। पुलिसकर्मी ने रस्सी खींची और प्रताप के पिता को वापस ले जाने लगा। चपरासी ने दूसरे आरोपी को अंदर भेज दिया।
बाहर निकलते ही आसमान पर काले बादल घिर आए थे। माँ के कदम लड़खड़ा रहे थे। प्रताप ने रिक्शा रोका और दोनों घर की ओर चल पड़े। बाज़ार में हर ओर गेंदे के फूलों की महक, दीयों की जगमगाहट और पटाखों की गूँज थी। लोग नए कपड़े पहने, मुस्कुराते हुए मिठाइयाँ और पटाखे खरीद रहे थे। बच्चों की हँसी से माहौल खुशनुमा था। रोशनी के उस समंदर में, प्रताप के परिवार के हिस्से का दीया जैसे बुझ चुका था। माँ ने आँसू आँखों से बहने से पहले ही पोंछ लिए और रिक्शा चुपचाप आगे बढ़ता रहा।
अध्याय 2
विद्यालय की छुट्टी होने में कुछ ही समय शेष था। सरकारी स्कूल की पुरानी इमारत में अलग-अलग कक्षाओं से शिक्षकों की आवाज़ें गूँज रही थीं। कक्षा के फर्श पर जर्जर बेंचें बिखरी पड़ी थीं, दीवारों पर हल्का गुलाबी रंग उखड़ चुका था और ब्लैकबोर्ड पर चाक की धूल जमी हुई थी। धूल लगे पंखे की धीमी आवाज़ के बीच बच्चे बिखरे-बिखरे बैठे थे—कुछ किताबें साझा कर रहे थे, तो कुछ खिड़की से बाहर झाँक रहे थे।
गणित के अध्यापक ने चाक उठाई और बोर्ड पर नया फ़ॉर्मूला लिखा—“क्षेत्रफल = लंबाई × चौड़ाई।” बच्चे आधे-अधूरे नोट्स ले रहे थे। कोई खाँस रहा था, तो कोई कुर्सी पर झुककर ऊँघ रहा था। पास की कक्षा में भूगोल के मास्टरजी ने सवाल दागा—“प्रायद्वीपीय भारत की सबसे बड़ी नदी कौन-सी है?” “बिहार का शोक किसे कहा जाता है?” सभी बच्चों ने एक साथ ऊँचे स्वर में जवाब दिया—“गोदावरी... कोसी...” उनकी आवाज़ें स्कूल के आँगन तक गूँज उठीं। एक अन्य कक्षा में मैडम राजनीति विज्ञान पढ़ा रही थीं। आज का विषय था—राष्ट्रपति। राष्ट्रपति का चुनाव, उनकी योग्यताएँ, कार्यकाल और महाभियोग प्रक्रिया पढ़ाने के बाद मैडम ने ब्लैकबोर्ड पर लिखा—“अनुच्छेद 72 — राष्ट्रपति की क्षमादान शक्ति।” उन्होंने समझाया, “यह राष्ट्रपति को क्षमा देने की शक्ति देता है। अगर राष्ट्रपति चाहे, तो फ़ाँसी की सज़ा को भी रोक सकता है।”
यह सुनते ही बेमन से बैठा प्रताप झटके से सीधा हो गया, मानो नींद से जाग पड़ा हो। मैडम आगे पढ़ाने लगीं, “राष्ट्रपति भारत के रक्षा बलों के सर्वोच्च कमांडर होते हैं...” लेकिन प्रताप के दिमाग़ में बस एक ही बात घूम रही थी—राष्ट्रपति फ़ाँसी की सज़ा रोक सकते हैं।
छुट्टी की घंटी बजी और बच्चे बैग उठाकर घर की ओर भागे, पर प्रताप के क़दम आज कुछ अलग सोच के साथ उठ रहे थे।
अध्याय 3
प्रताप का छोटा-सा घर गाँव के किनारे था, जहाँ मिट्टी की दीवारें बारिश में टपकती थीं और छत पर घास की चटाई मुश्किल से बरसात रोक पाती थी। पिता की गिरफ्तारी के बाद घर की हालत और खराब हो गई थी। माँ सुबह से शाम तक खेतों में मज़दूरी करती। स्कूल के बाद प्रताप अपने पिता की पुरानी साइकिल लेकर गाँव घूमता और रद्दी-कबाड़ इकट्ठा करता। उन्हीं पैसों से वह घर के खर्च में माँ का हाथ बँटाता।
प्रताप स्कूल से लौटा। चूल्हे की लौ धुँधली रोशनी फैला रही थी। माँ थकी हुई साड़ी में लिपटी चूल्हे पर आटा सेंक रही थी। उसका चेहरा पसीने और थकान से चमक रहा था। फर्श पर पाँच साल की मासूम रानी पुराने टूटे खिलौने से खेल रही थी। प्रताप ने बैग रखा और रद्दी के ढेर में हाथ डाला। उसी में उसे एक पुराना अख़बार मिला, जो हफ़्ते भर पहले किसी ने दिवाली की सफ़ाई में उसे थमा दिया था। हेडलाइन पढ़ी—“राष्ट्रपति कलाम के जैसलमेर दौरे को लेकर तैयारियाँ तेज़।” प्रताप के भीतर मैडम की बात फिर गूँज उठी—“राष्ट्रपति फ़ाँसी की सज़ा रोक सकते हैं।” प्रताप ने अख़बार की तारीख़ देखी। अख़बार बीस दिन पुराना था। उसने मन ही मन हिसाब लगाया। “दस दिन बाद... यही मौका है राष्ट्रपति से मिलने का!” प्रताप धीरे से खुद से बोला।
“माँ, मैं शहर जाऊँगा,” उसने कहा। माँ आटा सेंकते हुए चिंतित स्वर में बोली, “का वास्ते जइबे तू शहर?” “राष्ट्रपति से मिलकर बाबा की रिहाई की अर्जी दूँगा,” प्रताप ने दृढ़ता से जवाब दिया। माँ की आँखें नम हो गईं। वह चूल्हे की लौ में ताकती रही और मन ही मन सोचती रही—पच्चीस किलोमीटर दूर, न बस का किराया, न ट्रेन का... यह नन्हा सपना भी शायद चूर-चूर हो जाएगा। लेकिन वह चुप रही। धीरे से सिर हिला दिया। प्रताप मुस्कुराया। उसके चेहरे पर उम्मीद थी।
अध्याय 4
भोर की पहली किरणें गाँव की कच्ची मिट्टी को सहला रही थीं। दिवाली की छुट्टियों में प्रताप ने काफ़ी रद्दी इकट्ठा कर ली थी। उसने पिता की पुरानी साइकिल बाहर निकाली। पहियों में हवा कम थी और जंग लगी चेन हर चक्कर पर चरमराती थी। प्रताप ने कंधे पर रद्दी से भरा एक बड़ा बोरा लादा, जो उसके कद से भी भारी लग रहा था। बोरे की गिरह को दाँतों से कसकर बाँधा, टूटी चप्पलों को पैरों में ठूँसा और साइकिल लेकर गाँव के थोक कबाड़ व्यापारी के पास पहुँचा। “भैया, ये सब तौल दो और पैसे दे दो।” व्यापारी ने रद्दी तौली और तीस रुपये प्रताप के हाथ पर रख दिए। रुपये जेब में रखते हुए प्रताप ने चैन की साँस ली। यही तीस रुपये उसकी शहर की यात्रा और साइकिल में नई चेन लगवाने के काम आने वाले थे।
डॉ. कलाम के आने में अब सिर्फ़ एक दिन बाकी था। रात को प्रताप ने एक सादे कागज़ पर अपने बाबा की मजबूरी की पूरी दास्तान और दया की गुहार लिखी और उसे सँभालकर अपनी जेब में रख लिया। अगले दिन सूरज निकलने से पहले ही वह सफ़ेद धोती-कुर्ता पहने और माथे पर टीका लगाए शहर की ओर निकल पड़ा। दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती जा रही थी। धूल भरी सड़क पर चलते हुए उसके पैरों में छाले उभर आए, मगर मन में एक ही जिद थी—राष्ट्रपति जी से मिलना है। रास्ते के लिए माँ ने नमक-रोटी बाँध दी थी। भूख लगी तो उसने खुद भी खाई और एक आवारा कुत्ते को भी खिला दी। तभी दूर से ट्रक के हॉर्न की कर्कश आवाज़ आई। प्रताप ने पूरी ताकत से हाथ हिलाया। चरमराते हुए ब्रेक के साथ एक पुराना टाटा ट्रक रुका। ड्राइवर ने गर्दन बाहर निकाली, “कहाँ जाना है रे छोरे?” “जैसलमेर वाले मोड़ तक, काका!” प्रताप ने जवाब दिया। साइकिल को पीछे लादकर वह भी ट्रक में चढ़ गया। खिड़की से बाहर देखते हुए उसे लगा जैसे प्रकृति की कोई जादुई झाँकी उसकी आँखों के सामने से गुज़र रही हो। दूर तक फैले रेत के टीले सूरज की रोशनी में चमक रहे थे। सड़क पर टायरों के निशान किसी पुरानी कहानी की तरह बिखरे थे। खेजड़ी के पेड़ अपनी छितराई हुई छाँव फैलाए खड़े थे, जिनकी डालियों से ऊँट इत्मीनान से पत्तियाँ चर रहे थे। पास ही एक चरवाहा केसरिया साफा बाँधे अपनी भेड़ों के झुंड को हाँक रहा था। कहीं रंग-बिरंगी ओढ़नी पहने महिलाएँ सिर पर मटके रखे मटकती चाल से चलती दिखाई देतीं। हवा के झोंकों के साथ लोकगीत की धुन गूँज रही थी—“केसरिया बालम, पधारो म्हारे देस...”
प्रताप के लिए यह सिर्फ़ एक यात्रा नहीं थी, बल्कि अपनी धरती के विस्तार को देखने का एक नया अनुभव था। जब ट्रक रुका, तो उसने मुस्कुराते हुए ड्राइवर को “राम-राम” कहा और उम्मीदों भरे कदमों से शहर की ओर चल दिया।
अध्याय 5
जैसलमेर की वह शुष्क दोपहर डिग्री कॉलेज के मैदान को जनसैलाब में बदल चुकी थी। राष्ट्रपति को देखने आसपास के गाँवों से लेकर दूर-दराज़ के शहरों तक लोग उमड़ पड़े थे। भीड़ का आलम यह था कि लोग सिर्फ़ मैदान में ही नहीं, बल्कि कॉलेज की मुख्य बिल्डिंग की छतों और दीवारों पर भी चढ़े हुए थे। हवा में उत्साह की लहर दौड़ रही थी।
जब प्रताप हाँफते हुए कॉलेज ग्राउंड में दाखिल हुआ, तो राष्ट्रपति का संबोधन शुरू हो चुका था। लाउडस्पीकर से गूँजती उनकी सौम्य, शांत आवाज़ भीड़ के शोर को चीरकर सीधे दिल में उतर रही थी। लेकिन मैदान के पिछले हिस्से में फँस जाने के कारण वह मंच तक नहीं पहुँच सका। उसके सामने खड़े लंबे लोगों की दीवार ने मंच को पूरी तरह ओझल कर दिया था। वह बार-बार पंजों के बल खड़ा होता, गर्दन ऊँची कर आगे देखने की नाकाम कोशिश करता। उसके चेहरे पर उत्साह की जगह हताशा उतर आई थी।
राष्ट्रपति के संबोधन का समापन हुआ। थोड़ी देर के अफरा-तफरी और जयकारों के बीच कॉलेज मैदान के एक कोने से हेलीकॉप्टर के रोटर घूमने की तेज़ आवाज़ आई। धूल का एक बवंडर उठा और हेलीकॉप्टर हवा में ऊपर उठ गया। प्रताप की नज़रें उस उड़ते हुए हेलीकॉप्टर का पीछा करती रहीं, जो देखते-ही-देखते क्षितिज में एक छोटे से बिंदु में बदलकर अदृश्य हो गया। भीड़ छँटने लगी। प्रताप की आँखों में आँसू थे। चारों ओर फैला जनसैलाब उसके भीतर एक गहरा खालीपन छोड़ गया था। रुंधे गले और असहनीय दर्द के साथ उसने धीरे से खुद से कहा, “वह आवाज़ कितनी पास थी, फिर भी मैं उन तक पहुँच न सका। बाबा की रिहाई की अर्जी मेरी जेब में ही रह गई...” टूटे हुए कदमों से वह बिखरती भीड़ की विपरीत दिशा में घर लौट पड़ा। उसके कंधे झुके हुए थे और चेहरे पर गहरी हताशा साफ़ झलक रही थी।
अध्याय 6
सूरज ढल रहा था, पर प्रताप के मन का अँधेरा शाम से भी गहरा था। पैरों के तलवों में छाले फूट चुके थे। धूल से सने फटे कपड़े और गालों पर सूखी आँसुओं की लकीरें उसकी लंबी और नाकाम यात्रा की गवाही दे रही थीं। घर के भीतर क़दम रखते ही उसकी नज़र आँगन में ज़मीन पर बैठी माँ पर पड़ी—वह बिल्कुल शांत थी। न रो रही थी, न कुछ कह रही थी। आँखें एकटक सामने टिकी थीं। बहन रानी उसके कंधे से सिर टिकाए चुप बैठी थी। माँ के पास ही एक सरकारी मुहर लगा पत्र पड़ा था। प्रताप कुछ पल वहीं खड़ा रहा, फिर धीरे से आगे बढ़ा। ज़मीन पर बैठकर उसने पत्र उठाया। काँपते हाथों से खोलकर पढ़ा—सुप्रीम कोर्ट ने भी पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी थी, और पिता की फ़ाँसी की तारीख़ तय हो चुकी थी। उसकी नज़र आँगन के कोने में बाँधी उस पुरानी चारपाई पर गई, जहाँ बाबा हुक्के की लंबी-लंबी डोरें खींचते हुए उसे और रानी को कहानियाँ सुनाया करते थे। अधबुनी रस्सियों वाली वह चारपाई अब सूनी पड़ी थी। गला सिसकियों से भर आया और बाबा की यादें आँखों के सामने नाचने लगीं।
डेढ़ साल पहले चिलचिलाती धूप में जमींदार रावल सिंह के गन्ने के खेतों में बाबा ने अपनी हड्डियाँ गला दी थीं। “दो सौ रुपये दिहाड़ी”—यही सौदा था। बारह-बारह घंटे कुल्हाड़ी चलाने के बाद जब बाबा फटी हुई बनियान से पसीना पोंछते हुए मज़दूरी माँगने गए, तो जमींदार के चपरासी ने ठुकरा दिया—“कहाँ के रुपये, कुत्ते? जा, अपनी औकात में रह!” परिवार का गुज़ारा रुक गया। जब बच्चों की भूख ने सब्र तोड़ा, उस दिन आत्मसम्मान और मजबूरी की जो टक्कर हुई, उसमें क्रोध जीत गया। उस एक पल में चली कुल्हाड़ी ने बाबा की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी—और उन्हें कानून की नज़र में अपराधी बना दिया। प्रताप जानता था कि अन्याय अपराध को सही नहीं ठहरा सकता। बाबा दोषी थे, लेकिन उन्हें उस हद तक पहुँचाने वाली गरीबी और बरसों का शोषण भी उतना ही सच था।
उस रात घर का चूल्हा ठंडा पड़ा रहा। गाँव के शोर-शराबे से दूर, एक छोटे से घर में उम्मीद की एक लौ बुझ चुकी थी।
अध्याय 7
कोहरे की चादर में लिपटी एक ठिठुरती सुबह थी। प्रताप अपनी नन्ही बहन रानी को साइकिल की पिछली सीट पर बैठाकर स्कूल जा रहा था। रानी ने ठंड के मारे भाई की स्वेटर कसकर पकड़ रखी थी। रास्ते में अन्य स्कूली बच्चों की हँसी-ठिठोली गूँज रही थी। तभी तेज़ धमाके के साथ स्कूली ऑटो अनियंत्रित होकर पुल की जंग लगी रेलिंग तोड़ता हुआ नदी में जा समाया। मटमैले पानी के तेज़ बहाव में तीन बच्चों की चीखें गूँज उठीं। नदी के बीचों-बीच घायल ऑटोवाला तैरते हुए मलबे को पकड़े एक बच्चे को डूबने से बचाने की नाकाम कोशिश कर रहा था। चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। लोग चीख रहे थे, फोन निकाल रहे थे, लेकिन कोई कूदने को तैयार न था। रानी डर से काँपती हुई प्रताप की कमर से चिपट गई। उसकी छोटी-सी आवाज़ फूट पड़ी, “भैया! वो बच्चे...” प्रताप ने एक पल के लिए अपनी बहन की तरफ देखा और बिना कुछ कहे पुल से छलांग लगा दी।
पानी का तापमान हड्डियों को सुन्न कर देने वाला था। भीतर जाते ही ठंड के झटके से उसकी साँस कुछ पल के लिए अटक गई। वह तेज़ी से हाथ-पैर मारता हुआ ऑटोवाले के पास पहुँचा। ऑटोवाले ने हाँफते हुए एक बच्चे को प्रताप की तरफ धकेला। प्रताप ने अपनी पूरी ताकत समेटी और बहाव की दिशा में तैरते हुए उस बच्चे को किनारे की ओर झुकी हुई खेजड़ी की मजबूत डालियों की तरफ धकेला, जहाँ ऊपर से एक राहगीर ने हाथ बढ़ाकर उसे खींच लिया। बाकी दोनों बच्चे डूबते ऑटो के टायर को पकड़े हुए थे और उनके हाथ बार-बार फिसल रहे थे। इसी बीच पुल पर जमा लोग नीचे नदी के ढलान वाले किनारे तक पहुँच गए। तभी एक राहगीर अपनी साइकिल से बँधी मोटी रस्सी निकाल लाया। लोगों ने उसका एक सिरा पास के मजबूत पेड़ से बाँधा और दूसरा प्रताप की ओर बढ़ा दिया। प्रताप ने रस्सी कसकर पकड़ी और धीरे-धीरे एक बच्चे तक पहुँचा। ऑटोवाला भी दूसरे बच्चे के पास पहुँच चुका था। दोनों ने बच्चों को सहारा दिया और किनारे पर मौजूद लोगों ने रस्सी के सहारे उन्हें एक-एक करके बाहर खींच लिया। किनारे पर पहुँचते ही प्रताप थकावट से चूर होकर बेहोश होकर गिर पड़ा। रानी बदहवास होकर चिल्लाई, “भैया, आँखें खोलो!” किनारे पर जमा गाँव वालों ने उसे घेर लिया। तब तक पुलिस और एम्बुलेंस भी आ गई थी। प्रताप को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
कुछ घंटे बाद अस्पताल के कमरे में फ़िनाइल की तीखी गंध और मशीनों की “बीप-बीप” के बीच जब प्रताप ने अपनी भारी पलकें खोलीं, तो उसे सबसे पहले अपनी माँ का चेहरा दिखा, जिसकी आँखों में गर्व और ममता के आँसू एक साथ तैर रहे थे। स्थानीय अख़बारों ने सुर्खियाँ बनाईं। पूरा राज्य इस “नन्हे प्रताप” की वीरता को सलाम कर रहा था। राज्य सरकार ने प्रताप का नाम “राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार” के लिए चयनित कर भारतीय बाल कल्याण परिषद, नई दिल्ली को भेजा।
प्रताप को पुरस्कार मिलने से ज़्यादा इस बात की खुशी थी कि उसे एक बार फिर राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलने वाला था, और वह इस बार इस मौके को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहता था।
अध्याय 8
गणतंत्र दिवस की ठंडी सुबह दिल्ली का राष्ट्रपति भवन चमक रहा था। तिरंगा लहरा रहा था, परेड की थापें गूँज रही थीं। प्रताप, राजस्थान का छोटा बाल-वीर, सफ़ेद-खाकी वर्दी में अन्य सम्मानित बच्चों के साथ विशेष वाहन पर सवार था। कर्तव्य पथ पर झाँकी निकल रही थी। भीड़ तालियाँ बजा रही थी, कैमरे चमक रहे थे। प्रताप का चेहरा गर्व से दमक रहा था, लेकिन आँखों में पिता की जेल की उदासी छिपी थी।
पुरस्कार वितरण समारोह के बाद विजेताओं के लिए राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से संक्षिप्त मुलाकात का समय था। प्रताप की बारी आई। वह घबराते हुए आगे बढ़ा। कलाम जी ने गर्मजोशी से पदक पहनाया और हाथ मिलाया। “बेटा, तुमने कमाल कर दिया। देश को तुम जैसे साहसी बच्चों की ज़रूरत है,” कलाम जी ने मुस्कुराते हुए कहा। प्रताप की आँखें नम हो गईं। उसने शर्ट की जेब से पत्र निकाला और कलाम जी को दे दिया। कलाम जी ने पत्र पढ़ा। उसमें पिता के मामले का विवरण, गरीबी की मजबूरी और दया-याचना पर गाँववालों के हस्ताक्षर थे। “ठीक है, बेटा। मैं इसे गंभीरता से देखूँगा। धैर्य रखो,” कलाम जी ने प्रताप के सिर पर हाथ रखकर कहा। प्रताप ने सिर झुकाकर धन्यवाद कहा। कलाम जी का स्पर्श पाकर उसे लगा जैसे आसमान पर एक किरण चमक उठी हो।
दो महीने बाद, जब डाकिया हाथ में सरकारी मुहर लगा पत्र लेकर प्रताप के घर पहुँचा, तो माँ के हाथ काँप रहे थे। प्रताप ने पत्र पढ़ा—राष्ट्रपति की सलाहकार समिति ने प्रताप के पिता की दया-याचिका पर विचार किया था। प्रताप के वीरता पुरस्कार और पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, राष्ट्रपति ने अनुच्छेद 72 के तहत उसकी फाँसी की सज़ा को उम्रकैद में बदलने की स्वीकृति दे दी थी। माँ ने रोते हुए प्रताप को गले से लगा लिया। भले ही पिता जेल में थे, लेकिन अब उनके जीवित रहने की उम्मीद थी।
प्रताप के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आई। उसने सिर उठाकर आकाश की ओर देखा। ढलते सूरज की रोशनी में तैरते सफ़ेद बादलों के बीच उसे डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की वही सौम्य, मुस्कुराती हुई छवि दिखाई देने लगी। दूर कहीं शाम की हवा में मंदिर की घंटियाँ बज उठीं और प्रताप की मुस्कान और गहरी हो गई। जिस पत्र को वह कभी अपने पिता की ज़िंदगी बचाने की उम्मीद में लेकर निकला था, आज वही पत्र उसकी उम्मीद को सच बनाकर उसके घर लौट आया था।
About the Competition
The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar is a prestigious platform celebrating the art of storytelling. This competition invites writers from diverse backgrounds to share their unique voices and narratives across various genres, including poetry, short stories, essays, and creative writing. It aims to foster a community of literary enthusiasts and provide a stage for emerging talents to showcase their craft to a wider audience.
We extend our heartfelt thanks to Prabhat Khulbe for his stirring contribution, "नन्हा प्रताप," to the Poetry and Creative Writing Competition 2026. Through his storytelling, Prabhat has beautifully captured the essence of hope and perseverance in the face of life's challenges. We are grateful for his participation and look forward to seeing more of his creative endeavors.
About Hashtag Kalakar
Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.




Comments