top of page

दशहरा एक कहानी - By DEVESH DWIVEDI

3 hours ago
9 min read

Written By: DEVESH DWIVEDI

Category: Short Story

Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026

DEVESH DWIVEDI presents "दशहरा एक कहानी," a short story entry in the Poetry and Creative Writing Competition 2026. Set against the backdrop of the 1990s, this tale captures the simplicity and joy of childhood memories during the festive season of Dussehra. As part of Hashtag Kalakar's prestigious event, this narrative takes readers on a journey through the innocence and excitement of a small-town fair, reflecting on a time when life's pleasures were found in the simplest of moments.

About the Work

"दशहरा एक कहानी" beautifully encapsulates the essence of nostalgia, focusing on the anticipation and delight of a young girl, Neha, as she eagerly awaits the annual Dussehra fair. Through vivid imagery and heartfelt storytelling, DEVESH DWIVEDI paints a picture of innocence and familial bonds amidst the backdrop of limited means. The story highlights the contrast between past and present, emphasizing the timeless charm of traditional festivities and the deep-rooted familial connections that define them.

दशहरा एक कहानी Short story

Original Submission by DEVESH DWIVEDI

दशहरा

90 का दशक था, जब सीमित संसाधनों में भी खुशियां मिलती थी । दिखावा और आडम्बर का ज्यादा दबाव नहीं था। सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाने का कोई रिवाज नहीं था, सुकून था और धैर्य भी । धैर्य इतना था कि बच्चे किसी खिलौने के लिए अगले वर्ष के मेले का इंतजार करते थे । दशहरा का मेला उसमें सबसे प्रमुख होता था, जिसका बच्चे बहुत बेसब्री से इंतजार करते और कई दिन पहले से ही अपनी अंगुलियों पर जोड़ घटाव शुरू कर देते थे। आज के दौर में मेला बहुत मायने नहीं रखता लेकिन उस वक्त मेला ही वह अवसर होता था, जब बच्चों के लिए छोटे-मोटे खिलौने खरीदने या चाट,पानी-पुरी खाने का विशेष मौका मिलता था। मेले की परंपरा भले ही बहुत पुरानी हो, लेकिन मेले में जाने वाले हर बच्चों की उत्सुकता बिल्कुल नई होती है। ठीक उसी तरह, जैसे नवजात शिशु के लिए यह पुरानी दुनिया एक नई दुनिया होती है।

ठीक ऐसे ही नेहा भी, कई दिनों से अपनी उँगलियों पर जोड़-घटाना करके मेले की तारीख को जल्दी से पास बुला लेना चाहती थी। गाँव के अन्य बच्चों की तरह नेहा भी वर्ष भर इकट्ठा किए गए सभी फुटकर पैसों को कई बार गिनकर देख चुकी थी। वह अनुमान लगा चुकी थी कि मेले के दिन यदि 30-40 रुपये और मिल जाए, तो उसकी सारी इच्छाएं पूरी हो जाएंगी।

“मनोरथ और मन्नतों के इतिहास में, समय और परिस्थितियों का बहुत बड़ा हाथ होता है।“

आखिरकार, वह दिन नज़दीक आ चुका था, जब स्कूल में दशहरे की छुट्टियाँ हो गईं। लेकिन तभी संदेश आया कि नेहा के नाना की तबीयत बहुत खराब है। इसके चलते नेहा की माँ को अपने मायके जाना पड़ा। माँ के साथ उसके छोटे भाई और बहन भी मामा के घर चले गए।

महज़ आठ वर्ष की उम्र में अब वह घर में अकेली रह गई थी, केवल उसके पिताजी ही बचे थे, जिनके साथ वह मेले की खुशियाँ साझा कर सकती थी। नेहा का अपने पिता के प्रति स्नेह और लगाव अपनी माँ से अधिक था, क्योंकि वह घर में सबसे बड़ी थी। घर की बड़ी होने का एहसास नेहा को अपने जीवन के तीसरे साल में ही होने लगा था, जब उसकी छोटी बहन पैदा हुई। नेहा को पता ही नहीं चला कि कब उसके दिमाग में यह बात घर कर गई कि वह बहुत बड़ी है, उसके ऊपर जिम्मेदारियों का बोझ है और अपने माता-पिता के बाद उसी का नंबर आता है। वह अन्य बच्चों की तरह ज्यादा शरारतें नहीं करती थी। समय की पाबंद रहते हुए वह पूरे परिवार की एक अहम कड़ी बन गई थी।

दशहरे का दिन आ चुका था।

दोपहर से ही मेले का शोर स्पष्ट रूप से नेहा के घर तक पहुँच रहा था। नेहा सुबह से ही बड़ी उत्सुकता के साथ अपने सभी काम निपटाकर दोपहर बाद मेले में जाने की सारी तैयारियाँ पूरी कर चुकी थी। उसकी आसपास की सभी सहेलियों ने अपनी-अपनी पसंद के चीज़ों की सूची एक-दूसरे के साथ साझा कर ली थी। बस, अब मेले का इंतज़ार था।

नेहा अपने पास इकट्ठा किए हुए सारे सिक्कों को बार-बार गिन रही थी, लेकिन किसी भी तरह कुल 19 रुपये से अधिक नहीं हो रही थी। उसे अपने पापा से बड़ी उम्मीद थी कि आज मेले के लिए 30 – 40 रुपये तो मिल ही जाएँगे।

उसके पिता उमेश चंद्र एक मामूली गरीब किसान थे, बस किसी तरीके से अपनी गृहस्थी को संभाले हुए थे। अभी उन्होंने उधार लेकर आलू, चना और मटर की बुवाई करवाई थी। बाकी बचे पैसे उन्होंने नेहा की माँ को मायके जाते वक्त दे दिए थे। उमेश के पास फिलहाल देने के लिए कुछ विशेष नहीं था, जिससे वह अपनी बिटिया के आज के सपनों को पूरा कर सकें।

आज सुबह से ही जब-जब नेहा मेले का ज़िक्र करती और अपनी मनपसंद चीज़ें गिनवाती, तब-तब उमेश चंद्र इधर-उधर की बातें बनाकर उसे टालने की कोशिश करते।

आखिरकार, शाम का वक्त आ चुका था। सभी सहेलियों की टोली मेला जाने के लिए तैयार थी। नेहा अपने पापा के पास आई और अपने सपनों की सीधी फरमाइश कर दी।

उमेश को कुछ समझ ही नहीं आ रहा था, बस प्यार से उसे गले लगाया और चेहरे पर एक लंबी मुस्कान लाते हुए पूछा—

“तुमने कुल कितने रुपये इकट्ठा कर लिए हैं?”

नेहा ने तपाक से उत्तर दिया—

“पापा, कुल 19 रुपये!”

19 रुपये सुनकर उमेश के मन में एक साथ कई भाव उत्पन्न हुए। थोड़ी राहत भी थी, थोड़ी घबराहट और चिंता भी।

फिर खुद को सँभालते हुए उन्होंने कहा, “तुम अभी छोटी हो। ज़्यादा पैसे लेकर मत जाओ। मैं भी मेले में चल रहा हूँ। जो कहोगी, खरीद दूँगा। हम दोनों साथ में घूमेंगे, खाएँगे-पीएँगे। लेकिन ध्यान रखना, इधर-उधर की चीज़ें खरीदने मत लग जाना।”

इस वक्त नेहा खुशी से फूले नहीं समा रही थी। आज मेले में पापा के साथ जो आनंद आएगा, यह सोचकर वह सातवें आसमान पर थी। मन ही मन वह यह भी तय कर चुकी थी कि, वो खिलौना जो पिछली बार नहीं खरीद पाई इस बार उसे जरूर लेगी, और फिर अपने छोटे भाई-बहनों को मेले की कहानी सुनाकर चिढ़ाएगी।

शाम हो चुकी थी। नेहा अपनी सहेलियों के साथ मेले की तरफ चल पड़ी। हालाँकि मेला उसके घर से बहुत ज़्यादा दूर नहीं था, लेकिन उत्सुकता से भरे कदमों ने उसे कब मेले तक पहुँचा दिया, पता ही नहीं चला।

बार-बार वह पीछे मुड़कर अपने पापा को देख लेती। मेला अपने पूरे शबाब पर था। सब अपने-अपने मनोरथ पूरे करने में लगे हुए थे। नेहा भी अपनी सहेलियों के साथ मेले में दाखिल हुई। सभी अपनी-अपनी पसंद की वस्तुएँ खरीद रही थीं।

नेहा बार-बार मोलभाव करती और आगे बढ़ जाती। फिर अपनी बंद मुट्ठी में रखे पैसों को गिनती। कई दुकानें आगे निकल जाने के बाद भी उसकी अर्थशास्त्र की समझ और घर की जिम्मेदारियों के एहसास ने उसे कुछ भी खरीदने से रोक दिया था।

उसे अपने पापा के वादे याद आ रहे थे कि दोनों साथ में घूमेंगे, खाएँगे-पीएँगे। कभी वह सहेलियों का साथ पकड़ने के लिए बेचैन होती, तो कभी उसकी निगाहें अपने पापा को खोजतीं।

मेले का बाज़ारवाद तो उसे पहले ही बेचैन कर चुका था।

इतने में भीड़ का एक झोंका आया और जब तक नेहा सँभल पाती, वह अपनी सहेलियों से बिछुड़ चुकी थी।

अब तो उसकी धड़कनें तेज़ होने लगीं। कभी वह सहेलियों की राह देखती, तो कभी अपने पिता को खोजती। मेले की भीड़ अब उसे काट खाए जा रही थी। उसने घबराहट में पूरे मेले के दो चक्कर लगा लिए, लेकिन उसकी निगाहों के सामने कोई दिखाई ही नहीं पड़ा। वह एकदम अकेला महसूस करने लगी।

“इस दुनिया में कितना अकेलापन है, इसका एहसास भीड़ में खो जाने के बाद ही होता है। अकेलापन केवल पहाड़ों पर नहीं होता, बल्कि हमारे मन की उस अवस्था में भी होता है, जब हम मौजूदा भीड़ से अपना रिश्ता तोड़ लेते हैं या भीड़ हमसे रिश्ता तोड़ लेती है।“

नेहा परेशान होकर इधर-उधर देखने लगी। अब डर ने उस पर प्रहार किया। वह पसीने से तर-बतर हो गई। कुछ समझ में नहीं आया, तो उसने घर की राह पकड़ ली।

घर की तरफ कदम बढ़ाते ही उसकी आँखों से आँसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जिस मेले का उसने इतने दिनों से, इतनी बेसब्री से इंतजार किया था, वह अब उसकी कदमों से पीछे छूट रहा था। वह तेज़ी से घर की ओर बढ़ने लगी। अब वह पीछे मुड़कर भी नहीं देखना चाहती थी। उसे मेले से भय-सा लगने लगा था।

“दुनिया की भीड़ भी कुछ ऐसी ही होती है, जो कभी आपके अकेलेपन को भर नहीं सकती, वह केवल आपको बेचैन करती है।“

उसके कदमों ने रफ़्तार पकड़ ली और वह तेज़ी से घर की तरफ भागने लगी। आज उसे यह रास्ता बहुत लंबा लग रहा था, मानो पृथ्वी से चाँद की दूरी हो।

वह इस रास्ते के हर गड्ढे और हर ठोकर से वाकिफ़ थी, लेकिन आज हर गड्ढा और हर ठोकर उसे अजनबी की तरह डरा रहे थे।

मन की बेचैनी ने उसे इतना व्याकुल कर दिया कि वह मुँह के बल गिर पड़ी, फिर तेजी से उठी, चारों तरफ नज़र दौड़ाई और दौड़ते हुए घर की तरफ भागने लगी, उसकी आँखों ने उसका पूरा चेहरा भिगो दिया था।

घर कुछ ऐसा ही होता है। इस वक्त घर पर न उसकी माँ थी, न पापा, न भाई और न बहन। फिर भी आज वह घर की चारदीवारी से लिपटने को बेताब थी। इस सुकून को केवल वही महसूस कर सकता है, जो दुनिया की भीड़ में खो गया हो।

घर पहुँचकर उसने कुछ नहीं किया। बस, एक गहरी साँस ली और घर की दहलीज़ पर बैठकर अपने पापा का इंतज़ार करने लगी।

पूरी दुनिया में भटकने के बाद जब कुछ हासिल न हो, तो एक बार घर लौट जाना चाहिए। घर वह ठिकाना है, जो आपको पुनः शून्य से शुरू करने का हौसला देता है।

नेहा ने अपने आँसू पोंछे और अपनी मुट्ठी में बंद 19 रुपयों की तरफ देखा। उसके मन में उन पैसों के प्रति नफ़रत-सी जाग उठी। एक पल के लिए उसके मन में कसक उठी कि उन्हें अभी फेंक दे, लेकिन मन के दूसरे कोने ने उसे यथार्थ का बोध कराया और अपनी मुट्ठी फिर से बंद कर ली।

मेले से आती आवाज़ें उसके सीने को छलनी कर रही थीं। उसे अपनी माँ की याद आई और आँखों से प्रेम की धारा बह चली।

काफ़ी वक्त बीत जाने के बाद उसकी निगाहें दूर से आते हुए अपने पिता पर पड़ीं। वे भी बड़ी तेज़ी से, बेतहाशा भागे आ रहे थे। मेले में जाने के लिए कुछ रुपयों का इंतज़ाम करने के उद्देश्य से, वे रास्ते में पड़ने वाले एक साहूकार के यहाँ रुक गए थे। उन्हें उम्मीद थी कि वहाँ से कुछ उधार मिल जाएगा, जिससे वे अपनी बिटिया के सपनों को पूरा कर सकेंगे ।

नेहा दौड़कर पिता के गले लग गई और पहली बार मुँह खोलकर ज़ोर-ज़ोर से रोने लगी।

“अक्सर हम मुँह खोलकर ज़ोर-ज़ोर से तभी रोते हैं, जब कोई बहुत अपना हमें सुनने वाला हो, वरना कहां आज की दुनियां में रोने की आवाजें है, अब तो बस अंदरूनी सिसकियां लिए हर शख्स जिए जा रहा है। “

उमेश चंद्र का गला भर आया। उन्होंने बड़ी मुश्किल से खुद को सँभाला और प्यार से पुचकारते हुए कहा—

“पगली, क्यों रोती है?"

"मैं हूँ ना!”

ये तीन शब्द दुनिया के सबसे शक्तिशाली मंत्रों में से हैं, जो एक पल में अपना असर दिखा देते हैं।

थोड़ी देर बाद नेहा ने सिसक-सिसककर रोना बंद कर दिया, लेकिन उमेश चंद्र “मैं हूँ ना” कहकर अपनी सारी शक्ति खो बैठे थे। शायद वे मन ही मन अपने इस “मैं” की असलियत से वाकिफ़ थे।

उन्होंने भी अपनी आँखों को नम होने दिया।

थोड़ी देर बाद उन्होंने नेहा को अपने कंधे से नीचे उतारा और प्यार से पूछा—

“कुछ खाया था मेले में?”

नेहा ने पिता के चेहरे की तरफ तिरछी नज़र से देखा और सिर झुकाकर धीरे से अपनी मुट्ठी खोल दी।

वही 19 रुपये! .............

और धीरे से फुसफुसा कर बोली

"अकेले कैसे खाती पापा"

इस बार उमेश की आंखों से जो वात्सल्य की बूंद टपकी वो और भी गाढ़ी थी, ऐसा लगा जैसे दिल निचोड़ कर बाहर आई हैं। अपनी आँखें बचाते हुए उमेश ने बिटिया को फिर से गोद में उठा लिया और उसका माथा चूम लिया।

उधर मेले में रावण-दहन हो रहा था। रावण धमाके की आवाज़ के साथ जल रहा था। लोग शोर मचा रहे थे, तालियाँ बजा रहे थे।

एकाएक, एक विचार उमेश चंद्र के दिमाग में कौंध गया। उन्होंने मन ही मन सोचा—

“यह मेले का रावण भी तो हर साल जलता है, लेकिन मेरी गृहस्थी की गरीबी का रावण कब जलेगा?

क्यों न आज भर के लिए ही सही, इस गरीबी के रावण को खत्म कर लें? कल का कल देख लेंगे।“

यही सोचकर वे साहूकार से उधार में मिले कुल 100 रुपये लेकर बड़े शाही अंदाज से मेले की तरफ चल पड़े।

आज की शाम दो रावण मारा गया । एक मेले में, जो आग से मारा गया, दूसरा आँखों के पानी से, जो उमेश चंद्र के घर की दहलीज़ पर ।

✍️ देवेश द्विवेदी

About the Competition

The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar celebrates diverse voices and creative expressions from around the world. This esteemed competition invites participants to share their unique perspectives through poetry and prose, fostering a global community of writers and artists. With entries spanning various themes and styles, the event serves as a platform for emerging talents to showcase their work and engage with an audience that appreciates the arts.

Thank you, DEVESH DWIVEDI, for sharing "दशहरा एक कहानी" with us. Your evocative storytelling in the Poetry and Creative Writing Competition 2026 transports readers to a world of cherished memories and cultural richness. We appreciate your contribution and look forward to more of your captivating narratives.

About Hashtag Kalakar

Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.

 
 
 

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page