तुझे चलते रहना है
Updated: Jun 1, 2023
By Manish Agrawal
हे पथिक! मार्ग में आने वाली बाधाओं का
न तू कर तनिक विचार
तुझे तो चलते रहना है,
बाधाएं आएं कई हज़ार
मार्ग में पुष्प बिछे हों
या बिछे हों तीक्ष्ण शूल
तुझे तो चलते रहना है
मत जाना तू ये भूल
बार बार तू लड़खड़ायेगा
पर हर बार है तुझे संभलना
कितनी भी पीड़ा हो तुझको
पर नहीं रोक सकता तू चलना
बारंबार की परेशानियों से
हृदय होने लगेगा विदीर्ण
पर तुझे चलते रहना है
आत्मबल न होने देना क्षीण
अनेकों बार अंधेरा छाएगा
आगे का मार्ग होगा धूमिल
पर तुझे चलते रहना है
चाहे राह हो कितनी मुश्किल
दुर्गम राह चलते चलते
तेरे कदम भी हो जाएंगे रक्तरंजित
पर तुझे चलते रहना है
ना होना कभी तू आशंकित
जो तू ना छोड़ेगा चलना
जो तू ना छोड़ेगा संभलना
तो एक दिन तेरी राह होगी सुगम
तेरे सभी घावों पर लग जायेगी मरहम
विश्वास रखो और चलते चलो
क्योंकि चलना ही है तेरी नियति
जो मिले उसे सहर्ष स्वीकारो
यही है तेरी सच्ची ईश्वर भक्ति
By Manish Agrawal

Comments