चलो पहले इंसान बन जाते हैं
Updated: Sep 20, 2022
By Alka Dangi
मन में भेदभाव की दृष्टि जगाने से पहले
एक दूसरे के दिल में घृणा बढ़ाने से पहले
प्रेम और विश्वास की डोर मजबूत बनाते हैं
चलो पहले इंसान बन जाते हैं
स्त्री-पुरुष को अलग-अलग तराजू में मापने से पहले
कौन किससे बेहतर है ये साबित करने से पहले
दोनों को त्याग और समर्पण का महत्व समझाते हैं
चलो पहले इंसान बन जाते हैं
संस्कृति और परंपराओं के नाम पर आडंबर रचाने से पहले
आधुनिकता और स्वतंत्रता की खिल्ली उड़ाने से पहले
विचार और आचरण में ज़रूरी बदलाव लाते हैं
चलो पहले इंसान बन जाते हैं
कमजोर और मजबूर का शोषण करने से पहले
नफरत और विद्रोह की ज्वाला उठने से पहले
धर्म और ईमान की नींव मजबूत बनाते हैं
चलो पहले इंसान बन जाते हैं
By Alka Dangi

Comments