मैं कैसी हूँ
Updated: May 17, 2023
By Archana Anupriya
ये किसी से पूछने की जरूरत नहीं मुझे
खुद को अच्छी तरह जानती हूँ मैं
अपनी,जरूरतें, अपनी शक्तियाँ
अच्छी तरह से पहचानती हूँ मैं
आईने में देखती हूँ तो
अपनी कमियों पर हँस देती हूँ
फुरसत में बैठती हूँ तो
अपनी गलतियों पर
फब्तियाँ कस लेती हूँ
नहीं चाहिए मुझे महल,बँगले,जेवर
खनकती चूड़ियों में ही
सुख ढ़ूँढ़ती हूँ अपना
मँहगी गाड़ियों में
देश-विदेश की सैर नहीं चाहती
बच्चों की किलकारियों से
सजता है मेरा सपना
सेल्फी लेकर नहीं निहारती
गजलों, नगमों में सँवारती हूँ खुद को
पति, बच्चों की हँसी में पाती हूँ खुद को
घर की खुशियों में ढ़ूँढ़ती हूँ अपने वजूद को
मुझे किसी से कुछ नहीं चाहिए
नाम,शौहरत,दौलत- समर्पित है सब कुछ
मेरे घर के आँगन की मिट्टी में...
By Archana Anupriya

Comments