top of page

A Histotical play Tapovan ki goshti - By Madhu Gupta

47 minutes ago
9 min read

Written By: Madhu gupta

Category: A Histotical play Tapovan ki goshti

Competition: Poetry and Creative Writing Competition 2026

In the distinguished arena of the Poetry and Creative Writing Competition 2026, Madhu Gupta presents "A Histotical play Tapovan ki goshti" in the Creative Writing category. The play delves into the timeless themes of patience, sacrifice, and devotion, bringing to life historical figures from the Ramayana. With a backdrop of serene landscapes and profound dialogues, this work stands as a testament to the enduring spirit of these legendary characters.

About the Work

"A Histotical play Tapovan ki goshti" is a captivating narrative that weaves together the lives of five iconic women from the Ramayana. The play explores themes of silent strength and unwavering faith, as each character reveals the depths of their endurance and wisdom. Through evocative imagery and rich, emotive language, Madhu Gupta crafts a poignant tribute to the eternal virtues of patience and courage embodied by these heroines.

Historical play

Original Submission by Madhu gupta

तपोवन की गोष्ठी: पंचसतियाँ और धैर्य की परिभाषा

आज मंदाकिनी के इस पावन और नीरव तट पर, शरद पूर्णिमा की धवल चाँदनी स्वयं आकाश के वक्षस्थल से उतरकर उन निष्कलंक चरणों को पखारने आई है, जिन्होंने इतिहास के कोलाहलपूर्ण आघातों के बीच भी मौन और धैर्य की अमर परिभाषाएँ रची हैं।

जब-जब धर्म और संस्कृति की रक्षा हेतु रघुवंश के तेजस्वी वीरों ने धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई, तब-तब किन्हीं अदृश्य, कोमल हाथों ने मौन साधना में लीन रहकर उन शस्त्रों को अक्षय शक्ति प्रदान की। आज यहाँ रामायण के इतिहास की वे पाँच महान चेतनाएँ परस्पर मिल रही हैं, जिन्होंने अपने आचरण से इस महाकाव्य की आधारशिला को अपने अश्रुओं और तप से सींचा है: उर्मिला का मौन आज मुखरित होगा, जिसने उर्मिला-लक्ष्मण के युगल संकल्प में स्वयं की चेतना को सुसुप्त कर दिया; अहिल्या की पाषाणवत् कालजयी प्रतीक्षा का संगीत गूँजेगा, जिसने जड़ता को भी चैतन्य कर दिया; शबरी का पावन विश्वास अपनी सुगंध चारों दिशाओं में विकीर्ण करेगा; मंदोदरी का राजसी विवेक का अमर स्वर गुंजायमान होगा; और भय के बीच आश्रय देने वाली त्रिजटा का अदम्य साहस प्रकट होगा!

यह पावन गोष्ठी है-धैर्य, त्याग, समर्पण की! क्या है इन महान सतियों के मौन का रहस्य? जिसे युगों-युगों से श्रीरामचरितमानस ने अपनी धड़कन बनाया है।

उर्मिला (भावुक स्वर मे) " तुलसीदास जी ने भविष्य के गर्भ में झाँकते हुए एक कालजयी सत्य का उद्घाटन किया था- 'धीरज धर्म मित्र अरु नारी। आपद काल पारखिअहिं चारी॥'

किंतु, क्या 'आपद काल' का अर्थ केवल युद्ध की भयानक विभीषिका, भौतिक साधनों का अभाव है? मेरे लिए तो मेरा 'आपद काल' वह चौदह वर्षों का अखंड एकांत था, जहाँ मुझे स्वामी लक्ष्मण के महान -संकल्प की रक्षा हेतु स्वयं के अस्तित्व को निद्रा के वशीभूत करना पड़ा। संसार कहता है कि लक्ष्मण चौदह वर्षों तक जागते रहे, परंतु कोई इस सत्य की ओर दृष्टिपात नहीं करता कि उर्मिला ने अपने प्रियतम के व्रत को पूर्ण करने के लिए अपनी पूरी चेतना और अस्तित्व को ही सुला दिया था।

अहिल्या दीदी! आपका धैर्य तो अत्यंत अलौकिक और वंदनीय है। युगों-युगों तक एक निर्जीव शिला बनकर तिरस्कार सहना, क्या साक्षात् मृत्यु से भी अधिक कठिन नहीं था?"

अहिल्या (शांत, स्वर में) उर्मिला! तुम्हारा विरह तो भावना की ऊष्मा से परिपूर्ण था, उसमें संवेदनशीलता का स्पंदन था; किंतु मेरी व्यथा तो जड़ता की वह मूक पराकाष्ठा थी जहाँ रोने के लिए अश्रु भी शुष्क हो चुके थे। जब मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के चरणों की पावन रज ने मेरा स्पर्श किया, तब संपूर्ण संसार को मेरा धैर्य और भाग्य दिखाई दिया। परंतु उन अनगिनत युगों की व्यथा का क्या, जब मैं एक निर्जीव, चेतनाशून्य पाषाण बनकर समाज के अपमान, लांछन और तिरस्कार की धूल में पड़ी रही?

मेरा 'धर्म' उस पाषाणमयी जड़ता में भी इस अमर चेतना के साथ जीवित था कि 'एक दिन सनातन सत्य और धर्म की विजय अवश्य होगी।' आपद काल में भीतर से मृत होकर शिला बन जाना तो सहज है, उर्मिला! किंतु पाषाण का कठोर आवरण ओढ़कर भी अपने भीतर प्रतीक्षा की कोमल कलियों और अगाध आस्था को जीवित रखना ही नारी की वास्तविक अग्निपरीक्षा है।

शबरी बहिन, हम दोनों ने ही जीवनभर प्रतीक्षा की-मैंने कठोर पाषाण बनकर, और तुमने दुर्गम वन में रहकर। तुम्हारी प्रतीक्षा में तो राम के आगमन की मिठास थी, किंतु मेरे हिस्से में तो केवल तिरस्कार की धूल थी!"

शबरी (भक्ति- भाव ) देवी अहिल्या! आपकी वह पाषाणमयी प्रतीक्षा तो महर्षियों की तपस्या के समान उच्च कोटि की साधना थी। मैं तो वन की एक अज्ञानी, तुच्छ भीलनी थी।

मेरा 'आपद काल' मेरा सामाजिक बहिष्कार, और मेरा अखंड एकाकीपन था। किंतु मेरे गुरुदेव मतंग ऋषि के वचनों ने मेरे मन के संशय को शांत कर दिया था। उन्होंने सिखाया कि परमात्मा कभी कुल, वर्ण, रूप या जाति नहीं देखते, वे तो केवल निष्कपट भाव के भूखे होते हैं। मेरा धैर्य कोई विवशता या दुःख नहीं, अपितु एक आनंदमयी प्रतीक्षा थी।

परंतु मुझे तो आश्चर्य महारानी मंदोदरी पर होता है। स्वर्ण की लंका, वैभव का शिखर, और स्वामी साक्षात् महाबली रावण! उस अधर्म के सागर के मध्य आप अपनी नैतिकता का पावन द्वीप कैसे सुरक्षित रख पाईं? वह तो संसार का सबसे दुष्कर तप था!"

मंदोदरी (स्वाभिमान, से ) शबरी माँ! आपका संकट तो बाह्य संसार और समाज से था; किंतु मेरा संकट तो स्वयं मेरे अंतःपुर में था। अधर्म और अहंकार के सर्वोच्च शिखर पर आसीन पति रावण को प्रतिदिन सत्य और नीति का दर्पण दिखाना, और उसके अहंकार की ज्वाला में स्वयं के सुहाग को प्रतिपल झुलसते देखना-यही मेरा सबसे बड़ा आपद काल था।

मैंने मोह के बंधनों का सर्वथा त्याग करके अंतिम क्षण तक रावण को उसकी सीमाओं के प्रति सचेत किया। मैंने रावण के अहंकार के समक्ष कभी घुटने नहीं टेके; मेरा वह धार्मिक और दृढ मौन ही रावण के अधर्म पर मेरी सबसे भयंकर गर्जना थी!

परंतु त्रिजटा! तुमने तो, असुर कुल में जन्म लिया, जहाँ करुणा को पाप समझा जाता था। तुमने उस भयावह वातावरण में भी सीता माता को अपनी माँ के समान पूज्य माना। तुमने भय के साम्राज्य में अपनी संवेदना और करुणा के दीपक को कैसे प्रज्वलित रखा?"

त्रिजटा महारानी! जब लंका के प्राचीरों के बीच रावण की भयंकर गर्जना गूँजती थी तब मैं भयभीत होकर अशोक वाटिका में सीता माता की शांत, आँखों में देखा करती थी। उन अश्रुपूरित आँखों में मुझे मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की निश्चित विजय का आत्मविश्वास दिखाई देता था। मेरा परम कर्तव्य तो बस अशोक वाटिका में बैठी ममता की लौ को क्रूर हवाओं से बचाना था।

हाँ, मैं असुर कुल में उत्पन्न हुई थी जहाँ हिंसा ही जीवन-शैली थी। मेरा मन भी कभी-कभी पूछता था-'त्रिजटा, तू क्यों इस पराई स्त्री के संताप में स्वयं को जला रही है?' परंतु सीता माँ की आँखों से बहते अश्रु मेरे डिगते हुए कदमों को पुनः धर्म-मार्ग पर स्थिर कर देते थे।

मेरा धैर्य केवल स्वयं के अस्तित्व को बचाना नहीं था, अपितु संकट के सागर में डूबती हुई आश्रित चेतना को बिखरने से बचाना था। जब चारों ओर राक्षस केवल विनाश, मृत्यु और भक्षण की वीभत्स बातें करते थे, तब मैं माँ जानकी के चरणों में बैठकर उन्हें राम-विजय की कल्याणकारी कथाएँ सुनाया करती थी।"

मंदोदरी, "अहिल्या दीदी! मैं तो राजमहल की उन स्वर्णिम दीवारों के बीच उस जीवंत अपमान और अधर्म को प्रतिदिन सहने के बजाय कई बार सोचती थी कि कितना श्रेष्ठ होता यदि मैं भी आपकी भांति पाषाण बन जाती!"

अहिल्या "महारानी मंदोदरी! पाषाण हो जाना केवल इस भौतिक देह का जड़ हो जाना है, आंतरिक चेतना और आत्मा का नहीं। मन तो तब भी अपनी अनुभूतियों में निरंतर भटकता रहता था। जब मैं शिला-रूप में पड़ी थी, तब लोग मुझ पर अपने पाँव रखकर निकल जाते थे। कोई मुझे 'कुलटा' कहता, तो कोई 'पतित' कहकर मेरा उपहास उड़ाता था। पर मैंने उस अगाध अपमान और उपहास को ही अपनी साधना का साधन बना लिया।

परंतु शबरी बहिन! तुम तो वात्सल्य, की मूरत हो। क्या तुम्हें कभी इस समाज के तानों ने भीतर तक नहीं कचोटा... क्या ये सब पाषाण होने से कम पीड़ादायक थे?"

शबरी (शांत ) देवी! जब मन के अंतःकरण में राम-नाम का दिव्य अमृत रस बस जाए, तो बाहर का यह कोलाहल स्वतः ही सुनाई देना बंद हो जाता है। हाँ, इस संकुचित समाज ने मुझे मेरी जाति के कारण त्यागा था, पर मैंने इस वन और जीव-जंतुओं को ही अपना परिवार बना लिया।

मेरा वास्तविक संघर्ष तो केवल स्वयं के प्राणों से था-कि कहीं मेरी ये साँसें राघव के पावन आगमन से पूर्व ही मेरा साथ न छोड़ दें!

उर्मिला बेटी! तुम तो अयोध्या की कुलवधू हो, तुमने समस्त भोग-विलासिताओं से पूर्ण महलों में रहते हुए स्वयं को कठोर तपस्वी कैसे बनाया?"

उर्मिला माँ! जहाँ अपने आराध्य ही साथ न हों, वहाँ स्वर्ण से सुसज्जित वह राजप्रासाद भी किसी श्मशान के समान शून्य और दग्ध करने वाला प्रतीत होता है। चौदह वर्षों की उस अवधि में, मैंने अयोध्या के स्वर्ण-पात्रों में परोसे गए व्यंजनों में भी केवल विरहाग्नि की भस्म ही देखी।

परंतु त्रिजटा, तुम तो दानवों के मध्य, उस दुर्भेद्य गढ़ में थीं। क्या तुम्हें कभी इस भयानक सत्य का भय नहीं सताया कि यदि किसी दिन रावण को तुम्हारी इस राम-निष्ठा का आभास हो गया, तो तुम्हारे साथ कितना वीभत्स व्यवहार किया जाएगा?"

त्रिजटा (शांत स्वर ) मृत्यु का भय केवल उन्हीं प्राणियों को व्यथित करता है, जिनके मन में इस नश्वर संसार के भौतिक साधनों अथवा देह को खोने की तृष्णा शेष रह जाती है। मैंने तो अपना संपूर्ण व्यक्तिगत अशोक वाटिका में विराजमान जानकी माँ के चरणों में बहुत पहले ही समर्पित कर दिया था।

वे ही मुझे संशय और संकट की उन दारुण घड़ियों में यह बोध कराती थीं कि भय तो केवल इस नाशवान भौतिक देह का धर्म है, जबकि आत्मा तो सर्वदा अभय और अमर होती है। मैंने रावण की उस लंका में रहकर सीता जी की संगति से राम-नाम के अक्षय अमृत का पान किया है।

अहिल्या ( मंद मुस्कान )अत्यंत सत्य कहा त्रिजटा! तुम्हारे इस अलौकिक धैर्य ने ही तो अशोक वाटिका में एकाकी बैठी सीता के अविरल बहते आँसुओं को आशा और शब्दों का संबल प्रदान किया था।

आज इस पावन तट पर पाँचों सतियों के धैर्य की धाराएँ भले ही भिन्न-भिन्न परिस्थितियों से प्रवाहित होकर यहाँ आई हैं, परंतु सभी का परम गंतव्य तो केवल एक ही थे-मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम! अहिल्या का धैर्य युगों-युगों तक फैली एक निशब्द 'प्रतीक्षा' था, उर्मिला का मौन साधना से भरा 'त्याग' था, शबरी माँ का अटूट 'विश्वास' था, महारानी मंदोदरी का विषम परिस्थितियों में निभाया गया 'राजसी विवेक' था और त्रिजटा, का भय के साम्राज्य में जगाया गया 'अदम्य साहस'।

अहिल्या क्या महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी ने 'आपद काल' की इसी आन्तरिक आत्मशक्ति और धर्म-निष्ठा को नारी जाति का वास्तविक और अनश्वर आभूषण नहीं माना है?"

उर्मिला (गंभीर) "निश्चित ही महाकवि का यह कथन अमर है। परंतु माँ, आज जब आधुनिक नारी हमारे इन पौराणिक आख्यानों और चरित्रों का अनुशीलन करेगी, तो वह क्या विचार करेगी? क्या कालचक्र के इस इतिहास में हमारे इस गहन धैर्य और तपस्या का अर्थ केवल विवश होकर 'उत्पीड़न सहना' ही मान लिया जाएगा? क्या युग-युगान्तर से नारी का नियंता द्वारा निर्धारित भाग्य केवल यातनाओं और आघातों को सहना ही लिखा गया है?"

मंदोदरी (दीप्त स्वर ) कदापि नहीं उर्मिला! हमारे इस धैर्य और तपस्या का अर्थ विवश होकर दुखों को 'सहना' तो कभी था ही नहीं! हमारे धैर्य का वास्तविक अर्थ था-विपरीत से विपरीत समय में भी अपने विवेक को संजोकर 'स्वयं को थामे रखना'।

रामचरितमानस की ये पाँचों दीपशिखाएँ केवल प्राचीन गाथाएँ मात्र नहीं हैं। इनकी सनातन चेतना आज की आधुनिक नारी के अंतःकरण में प्रखरता, के साथ प्रज्वलित हो रही है: जब आज की नारी अपने पारिवारिक उत्तरदायित्वों, रिश्तों और मर्यादाओं को निस्वार्थ भाव से सींचती है, तब उसमें उर्मिला का अखंड त्याग और मौन साधना मूर्त हो उठती है। जब वह समाज द्वारा थोपे गए लांछनों, को ध्वस्त कर अपने स्वाभिमान के साथ पुनः खड़ी होती है, तब उसमें अहिल्या का विशुद्ध चैतन्य प्रकट होता है। जब वह किसी भौतिक फल की लालसा किए बिना, केवल अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निष्काम कर्म में लीन रहती है, तब शबरी का वह भोला विश्वास पुनर्जीवित हो उठता है। जब वह अधर्म, सत्ता के अहंकार के समक्ष निर्भीक होकर सत्य का दर्पण दिखाती है, तब उसमें मंदोदरी का राजसी विवेक मुखरित होती है। और जब वह समाज में हताश मनुष्यों के जीवन में आशा की किरण बन उनका संबल बनती है, तब उसमें त्रिजटा की वह करुणा और अदम्य साहस प्रवाहित होने लगता है।

इन पंचसतियों का मौन कोई दुर्बलता नहीं, अपितु एक महा-गर्जना था। इनका धैर्य कोई आत्म-समर्पण नहीं, अपितु धर्म की वास्तविक और अमर विजय-गाथा था। इनकी यह अलौकिक चेतना युग-युगान्तर तक अजर-अमर है, और यही चेतना आज के इस संपूर्ण मानव समाज की अक्षुण्ण शक्ति, आधार और परम चेतना है!

About the Competition

The Poetry and Creative Writing Competition 2026 by Hashtag Kalakar serves as a prestigious platform celebrating diverse literary talents. With a focus on originality and creativity, the competition invites participants to share their unique voices and narratives, fostering a vibrant community of writers and poets across the globe.

We extend our heartfelt gratitude to Madhu Gupta for sharing "A Histotical play Tapovan ki goshti" with us in the Poetry and Creative Writing Competition 2026. This profound work enriches our understanding of historical resilience and offers a fresh perspective on enduring themes. We look forward to more of your creative expressions in the future.

About Hashtag Kalakar

Hashtag Kalakar is a creative platform dedicated to providing artists, writers, singers and other creative talents with opportunities to showcase their work and reach wider audiences through competitions, features and creative initiatives.

 
 
 

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page