समय
By Dr. Hari Mohan Saxena
समय की कीमत तुम पहचानो
समय बड़ा शक्तिशाली है,
दिन का खूब उजाला देखो
रात अँधेरी काली है।
समय ने कुछ साम्राज्य बनाए
देकर वैभव शीर्ष चढ़ाए,
डंके सदियों तक बजवाए
उनके अंत भी इक दिन आए।
राजा और महाराजा आए
राज्य बढ़ा दुनिया पर छाए,
काल उन्हें भी इक दिन खाए
धीरे धीरे जग बिसराए।
जो आया है वो जाएगा
युवा वृद्ध भी हो जाएगा,
किसने यहाँ अमरता पाई
मौत सभी की इक दिन आई।
समय ने छीनी माया सारी
बचे नहीं कोई नर नारी,
हीरे मोती से तुलते थे
ऐसे नृप भी बने भिखारी।
तजो गर्व सम्पति लख सारी
त्याग, विरक्ति से कर लो यारी,
जहाँ काल ने पलटी मारी
धरी रहेगी सब होशियारी।
By Dr. Hari Mohan Saxena

Excellent
beautiful peom
Excellent
Nice description about time
Wow awesome writer 👏 👏