उस लड़की की यादों में, मैं अब भी हंसता हूं
- Hashtag Kalakar
- Aug 11, 2025
- 1 min read
By Tulsi Chhetry
अरसे बाद मिली
खैर, इसे मिलना तो नहीं कहूंगा
कहती है सालों से तलाश रही थी
सोशल मीडिया में मेरे हमनाम हर
अकाउंट को खंगाल रही थी
पूछती है -
कहां थे तुम?
कहती है -
इतने निष्ठुर,कभी पलट कर नहीं खोजा
मैं, उसकी प्रोफाइल
की सारी फोटो स्क्रॉल करके भी
उसका चेहरा याद नहीं कर पा रहा
उसका गणित अच्छा था
उसे सालों पुराना लेखा जोखा याद था
उसका, मेरा भूगोल अच्छा था
हम दोनों को जगह और स्कूल का नाम याद था
उसकी याददाश्त अच्छी थी
उसे बेंच, रूम, टीचर्स दोस्त, दुश्मन
यहां तक की मेरा हंसना याद था
और मुझे तो
उसका चेहरा तक याद नहीं
उसने झिझक के साथ मेरा नंबर मांगा
मैंने सोशल मीडिया पर उसे ब्लॉक कर दिया
ये कहते हुए -
नहीं मैं वो नहीं हूं जिसकी आपको तलाश है
मैं चाहता हूं
उस लड़की की यादों में ही सही
मैं उसे हमेशा हंसते हुए मिलूं।
By Tulsi Chhetry

Comments